राशनकार्ड में सदस्यों का नाम छूटने से हितग्राहियों को हर माह हो रहा 10 से 15 किलो चावल का नुकसान... एमआईसी सदस्य शफी अहमद ने कहा इसकी जांच के लिए निगम कलेक्टर को लिखेगा पत्र...
By -
अगस्त 13, 2023
0
अंबिकापुर। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में विपक्षी भाजपा पार्षदों के द्वारा राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों का नाम छूटने से हितग्राहियों को हर माह 10 से 15 किलो चावल
कम मिलने का आरोप लगाए जाने पर एमआईसी सदस्य शफी अहमद ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि नाम छूटने से यदि परिवार को कम राशन मिल रहा है तो यह काफी गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में निगम द्वारा कलेक्टर को पत्र लिख इसकी जांच कराने कहा जाएगा, यदि जांच में नाम छूटने या अन्य गड़बड़ी की पुष्टि होगी तो जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधितों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराया जायेगा। उन्होंने सदन में यह भी कहा कि सभी उचित मूल्य दुकानों में विशेष शिविर लगा इस तरह की समस्याओं का निराकरण होना चाहिए ताकि हितग्रहियों को अनावश्यक इधर उधर भटकना न पड़े। इस पर सदन ने सहमति दी।
इसके पूर्व सदन में विपक्षी भाजपा पार्षदों द्वारा आरोप लगाया गया है आवेदन में नाम होने के बाद भी खाद्य विभाग के कर्मचारियों के द्वारा कई सदस्यों का नाम छोड़ शासन को गलत जानकारी भेजी गई है, जिसके कारण राशन का कम आबंटन आ रहा है और परिवार को हर माह राशन का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
Tags:




