15 जनवरी 2024 तक सरगुजा के 439 पंचायतों को क्षय मुक्त करने प्रशासन ने कसी कमर... कलेक्टर ने योजना बद्ध तरीके से विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने कहा...जिला क्षय अधिकारी ने बताया कैसे हो सकती है रोकथाम....
By -
सितंबर 02, 2023
0
अंबिकापुर। सरगुजा कलेक्टर कुन्दन कुमार की उपस्थिति में टीबी मुक्त पंचायत हेतु जिला सभाकक्ष में समय सीमा बैठक में पोलियो उन्मूलन की भांति क्षय उन्मूलन करने की बात रखी गई। कलेक्टर ने सरगुजा जिले के समस्त 439 ग्राम पंचायत को विभागों के पारस्परिक सहयोग से कार्ययोजना बनाकर योजनाबद्ध तरीके से 15 जनवरी 2024 तक क्षय मुक्त करने हेतु कार्य निर्देशित किया गया। शत प्रतिशत संभावित क्षय मरीजो की जांच, औषधियों की उपलब्धता, मरीज के परिवार के सदस्यों को टीपीटी मित्र के माध्यम से रोगियों को अतिरिक्त पौष्टिक आहार देने हेतु क्षय विभाग को निर्देशित किया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिले को क्षय रोग से मुक्त किया जा सकता है। क्षय रोग व कुपोषण का संबंध ज्यादातर गरीबी से रहता है। सुपोषण योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा गरीब मरीजों को लाभान्वित करने के लिए जिला महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देश किये गये है। क्षय रोग को गंभीर व जानलेवा बीमारी बताया गया है। इस रोग के मरीज बीमारी से दुर्बल हो जाते है। नाखून, दांत व बाल छोडकर शरीर के प्रत्येक हिस्से को टीबी बीमारी नुकसान पहुंचा सकता है। यह बीमारी हवा के माध्यम से संक्रमित मरीज के छींकने व खांसने से फैलता है। क्षय रोग होने की संभावना कम उम्र के बच्चों, तम्बाकू का सेवन करने वाले व शुगर के मरीज, एड्स पीड़ित या कमजोर रोगप्रतिरोधक क्षमता वाले व्यक्ति को रहती है। क्षय रोग की पुष्टि खखार जांच के माध्यम से की जाती है। सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में क्षय रोग से संबंधी जांच एव ईलाज पूर्णतः निःशुल्क है। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नूतन कुमार कवर, आयुक्त नगर निगम अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर अमृत लाल ध्रुव , सुनील कुमार नायक, टेकचंद अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर डीएस उइके, जेआर शतरंज फागेश सिन्हा, अनुविभागीय अधिकारी सुश्री पूजा बंसल, परियोजना अधिकारी साक्षर भारत गिरीश गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएन गुप्ता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ पुष्पेन्द्र राम, क्षय विभाग के समन्वयक बनवासी यादव, संजय पिरामल स्वास्थ्य से महेन्द्र तिवारी व सभी विभाग के अधिकारी, प्रतिनिधि सम्मिलित थे।
Tags:




