.
अंबिकापुर। राहुल गांधी से कहूंगी की सरगुजा का कांग्रेस कार्यकर्ता बब्बर शेर है। बारिश के बीच कार्यकर्ताओं का उत्साह देख कांग्रेस भरोसा यात्रा के उपरांत लटोरी में आम सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने यह कह कार्यकर्ताओं की पीठ थपथपाई। बारिश के बावजूद कांग्रेस भरोसा यात्रा अम्बिकापुर में अपने निर्धारित समय पर प्रारंभ हो गई थी। यात्रा के प्रारंभ में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, सह प्रभारी डॉ चंदन यादव और विजय जांगिड़ ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत यात्रा घड़ी चौक, देवीगंज रोड, संगम चौक, महामाया चौक, सदर रोड, जयस्तंभ चौक, अग्रसेन चौक , बिलासपुर चौक होते ग्राम लटोरी, लखनपुर पहुँची। यहाँ पहुँचकर यात्रा आमसभा में तब्दील हो गई। आमसभा को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद भी कांग्रेस के संदेश को जनता और कार्यकर्ताओं का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने उनके मूलभूत सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए हमारी सरकार बनाई थी हमे विश्वास है कि हम छत्तीसगढ़ की जनता का भरोसा जितने में कामयाब रहे हैं, और प्रदेश की जनता एकबार फिर प्रदेश में हमारी सरकार बनाएगी। प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि गांधीजी के एकता के संदेश और शास्त्रीजी के परिश्रम को याद करते हुए यह यात्रा निकाले हैं। भाजपा द्वारा बांटने की नीति के विरुद्ध कांग्रेस एकता और शांति की राह पर चलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा फ्लॉप हो गई है। कांग्रेस को भरोसा अपने काम पर है, कांग्रेस को भरोसा छत्तीसगढ़ की जनता पर है, कांग्रेस को भरोसा अपने कार्यकर्ता पर है और कांग्रेस को भरोसा अपने केंद्रीय नेतृत्व पर है और इसी भरोसे पर हम फिरसे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनायेंगे। यात्रा के दौरान औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जे पी श्रीवास्तव, द्वितेंद्र मिश्रा, हेमंत सिन्हा , विक्रमादित्य सिंह, कृपा साहू साथ मौजूद थे।
जगह जगह हुआ स्वागत
कांग्रेस भरोसा यात्रा के प्रारंभ होने के उपरांत शहर से लेकर ग्राम लटोरी तक उसका जगह जगह स्वागत हुआ। देव होटल के पास युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकल झा, अंशु सिंह के नेतृत्व में, देवीगंज रॉड पर प्रभात रंजन सिन्हा के नेतृत्व में, संगम चौक पर दुर्गेश गुप्ता, संजय विश्वकर्मा ओर संजय गुप्ता द्वारा, रामकुटी पर सुधांशु गुप्ता के द्वारा, महामाया चौक पर इस्लाम खान, राशिद खान, निक्की खान के नेतृत्व में, सदर रोड पर सरोज साहू द्वारा, कदम्मी चौक पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल के नेतृत्व में, जयस्तंभ चौक पर ऋषभ गर्ग के नेतृत्व में,अग्रसेन चौक पर अशोक अग्रवाल के नेतृत्व में, कोठी घर के पास इंद्रजीत सिंह धंजल के नेतृत्व में, बिलासपुर चौक पर विनय शर्मा औऱ शैलेंद्र सोनी के नेतृत्व में, लखनपुर में कृपा गुप्ता और विक्रमादित्य सिंह के नेतृत्व में धूमधाम से स्वागत हुआ।
जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता को मिली शाबाशी
भारी बरसात में एक शानदार और व्यवस्थित रैली के लिए कुमारी शैलजा ने जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता की पीठ थपथपाई। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए उन्हें शाबाशी देते हुए कहा कि जिलाध्यक्ष और उनके कार्यकर्ताओं ने जो शानदार आयोजन किया है उसका संदेश केंद्रीय नेतृत्व तक पहुँचेगा। उपमुख्यमंत्री ने भी यात्रा के आयोजन पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए कहा है कि भारी बरसात में इतनी सफल यात्रा का आयोजन पहले नहीं देखा। इस यात्रा के प्रारंभ के पूर्व राकेश गुप्ता ने लुंड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम के साथ 8 कि मी की पदयात्रा की। इस यात्रा के दौरान ग्राम सरई टिकरा महादेव पारा के ग्रामीण प्रेमाराम राजवाड़े ने राकेश गुप्ता के निवेदन पर अपना निजी भवन प्राथमिक विद्यालय के निर्माण पूरा होने तक शाला संचालन हेतु दिया। इस यात्रा को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष के साथ हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, सैयद अख्तर हुसैन, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, विकल झा, गुरुप्रीत सिंधु, नीतीश चौरसिया, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल ने भी अपनी टीम के साथ साक्रिय योगदान किया।



