सूरजपुर। (भूपेंद्र राजवाड़े)। सूरजपुर जिला के ग्राम पंचायत जमदेई में आयोजित अखिल भारतीय बिंझिया समाज के सम्मेलन में मुख्य अतिथि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विशिष्ठ अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह का फूलमालाओं से आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की मांग पर माँ बागेश्वरी कुदरगढ़ धाम में रोप वे निर्माण की घोषणा के साथ विकास कार्यों के लिए विभिन्न घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने बिंझीया समाज की मांग पर सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख की घोषणा की वहीं 50 सीटर बालक छात्रावास, पुल निर्माण के लिए 3 करोड़, सड़क चौड़ीकारण के लिया 4.50 करोड़ की भी घोषणा करते हुए तटबंध निर्माण कार्य लागत 19.95 लाख रूपए, कुरूवा के बाजारडाड़ में सामुदायिक हाट बाजार लागत 14.93 लाख रूपए, पतरापारा के झोझवा नाला में स्टॉप डेम निर्माण कार्य लागत 19.98 लाख रूपए, विकासखण्ड़ भैयाथान सिरसी के सरनापारा में आंगनबाडी भवन निर्माण कार्य लागत 6.50 लाख रूपए, सिरसी खास में आंगनबाडी भवन निर्माण लागत 6.50 लाख रूपए, विकास खण्ड़ प्रतापपुर सोनगरा के कुकुर डुबा नाला में स्टॉप डेम निर्माण कार्य लागत 19.89 लाख रूपए, सेमराकला के ठाडपाथर मार्ग में स्टॉप डेम निर्माण कार्य लागत 19.57 लाख रूपए, पलढा के आमानाला में स्टॉप डेम निर्माण कार्य लागत 19.94 लाख रूपए, विकास खण्ड़ रामानुजनगर पवनपुर के जमतीडबरा खाडी नाला में चेक डेम लागत 14.26 लाख रूपए, जगतपुर के खरौक झरिया नाला में चेक डेम निर्माण कार्य लागत 12.88 लाख रूपए, मदनेश्वरपुर के बाजार शेड का निर्माण कार्य लागत 14.77 लाख रूपए, का लोकार्पण किया गया.
चाउर वाले बाबा ने छग की पहचान बदली
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा के 15 वर्षों के शासन काल के पूर्व छत्तीसगढ़ की पहचान बीमारू , भूखे व पिछड़े प्रदेश के रूप में थी। लोग कोदो, कुटकी, महुआ इत्यादि खाकर किसी प्रकार अपना जीवन यापन करते थे। जब प्रदेश में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पहली बार भाजपा की सरकार बनी तो सबसे पहला काम प्रदेश की जनता को सस्ता अनाज देने का किया। सरकार ने सस्ता चावल व चना प्रदान किया। इसके साथ ही नि:शुल्क नमक भी वितरित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह को चाउर वाले बाबा के रूप में प्रसिद्धि मिली।
संभाग को कांग्रेस मुक्त करने वाली जनता बधाई के पात्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार की पहल पर बिंझिया समाज सहित 12 जातियों को अनुसूचित जनजाति में शामिल किया गया है। अब उन्हें विकास की नई दिशा मिलेगी और वे विकास की मुख्य धारा से जुड़ेंगे। सीएम श्री साय ने कहा कि सरगुजा की जनता ने जिस प्रकार के संभाग में कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया, उसके लिए जनता बधाई के पात्र हैं।प्रदेश सरकार मोदी की गारंटी पर निरंतर कार्य कर रही है। सरकार गठित हुए 25- 26 दिन ही हुए हैं और सरकार के द्वारा इस अवधि में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये हैं। कैबिनेट की प्रथम बैठक में ही कांग्रेस शासन काल में लंबित 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति प्रदान करते हुए अनुपूरक बजट में राज्य अंश से राशि की व्यवस्था की गई है।
मक्कारों को जनता ने आइना दिखाया
पूर्व मुख्यमंत्री व विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने छग को भ्रष्टाचार , अनाचार , अत्याचार का गढ़ बना लिया था, कांग्रेस के नेताओं ने हाथ में गंगाजल लेकर झूठा वादा कर जनता का विश्वास खो दिया। ऐसे झूठे और मक्कार कांग्रेसियों को जनता ने वास्तविक चेहरा दिखाते हुए न सिर्फ संभाग से सूपड़ा साफ़ कर दिया बल्कि प्रदेश की सत्ता से भी बेदखल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश विष्णुराज में विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।





