अंबिकापुर। भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय के आतिथ्य में संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में आज भाजपा के प्रमुख पदाधिकारियों की लोकसभा चुनाव को लेकर लोकसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरगुजा लोकसभा के तीनों जिले सरगुजा, सूरजपुर तथा बलरामपुर के प्रमुख भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि 2023 की लड़ाई जीतने के बाद अब 2024 का किला फतेह करने की जवाबदारी सभी भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के ऊपर है। लोकसभा की 11 में 11 सीटें जीतकर इतिहास बनाने का लक्ष्य हमने तय किया है उसमें सरगुजा लोकसभा सीट सबसे ऊपर है। आगे उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग ने जो शानदार परिणाम दिया है उसकी तारीफ पूरे प्रदेश में हुई है। अब लोकसभा की बारी है सबसे अधिक वोट से जीतने का रिकॉर्ड सरगुजा को बनाना है।
घर घर चलो अभियान, लाभार्थी सम्मेलन भी करें
भाजपा छत्तीसगढ़ प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि लोकसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन ने घर घर चलो अभियान, लाभार्थी सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम तय किए हैं जिसे सभी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को मिलकर अच्छी तरह सम्पन्न करना है। कार्यक्रम का संचालन लोकसभा सह संयोजक अखिलेश सोनी ने तथा आभार प्रदर्शन लोकसभा संयोजक कमलभान सिंह ने किया।
कार्यक्रम में यह हुए शामिल
इस अवसर पर केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लोकसभा क्लस्टर प्रभारी विधायक बिलासपुर अमर अग्रवाल, सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, लोकसभा चुनाव प्रभारी पूर्व सांसद लखन साहू, सह प्रभारी श्रीमती चम्पा देवी पावले, तथा लोकसभा संयोजक कमलभान सिंह, सरगुजा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, संभाग सह प्रभारी राजा पांडे, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, सूरजपुर बीजेपी जिलाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल, बलरामपुर बीजेपी जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, विजयनाथ सिंह, अनिल सिंह मेजर, भारत सिंह सिसोदिया, फुलेश्वरी सिंह, विशाल गोस्वामी दूधनाथ, दीपक गर्ग, विश्वविजय तोमर, संतोष दास, विनोद हर्ष, नकुल सोनकर सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।




