सूरजपुर। (भूपेंद्र राजवाड़े) । समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतिम महीने बिचौलियों और कोचियों की गतिविधि बढ़ने के साथ प्रशासन ने भी कार्यवाई तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जिले में आज विभिन्न प्रतिष्ठानों में दबिश देकर 84 लाख रुपए मूल्य का 3825 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक सबसे पहले अनाज के थोक व्यापारियों एवं ट्रेडर्स के गोदामों में छापामार मंडी अधिनियम के तहत 2591 क्विंटल अवैध धान जब्त की गई । जिसकी क़ीमत 56 लाख 56 हज़ार रूपये बताई जा रही है। कार्यवाही से धान की अवैध खरीदी बिक्री करने वाले दलालों और कोचियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन द्वारा अवैध धान के परिवहन और अफरा- तफरी करने वालों पर सख्ती करने के साथ कार्यवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। धान खरीदी केंद्रों में मॉनिटरिंग की जा रही है। कार्रवाई में खाद्य अधिकारी विजय किरण, सहायक खाद्य अधिकारी संदीप भगत, खाद्य निरीक्षक नीतीश कुमार, उप पंजीयक जीएस शर्मा, सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी, मंडी सचिव रामधनी भगत, दीपक कुमार आदि शामिल थे। खाद्य अधिकारी विजय किरण ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार यह कार्यवाही 31 जनवरी तक निरंतर जारी रहेगी। आज जिले के सक्षम फूड इंडस्ट्री महामाया राइस, इंडस्ट्रीज मित्तल राइस प्रोडक्ट, अमन फ्लोर गोयल इंडस्ट्रीज राइस मिल एवं सौम्या ट्रेडर्स राम अनुग्रह उपाध्याय थोक अनाज विक्रेता के प्रतिष्ठान में कार्यवाई की गई है ।
इन प्रतिष्ठानों में भी हुई कार्यवाई
खाद्य विभाग एवं मंडी की संयुक्त टीम द्वारा शनिवार शाम तक मंडी अधिनियम के तहत 1274 क्विंटल धान की जब्ती की कार्यवाही की गयी । जिसकी क़ीमत 27 लाख 83 हज़ार रूपये अनुमानित है । अधिकारियों के मुताबिक थोक व्यापारी पूनम चंद कोयल के यहां 26 क्विंटल सुशील कुमार अग्रवाल के यहां 21 क्विंटल ओम राइस मिल प्रोडक्ट में 240 घंटे जिंदल एग्रो प्रोडक्ट में 224 क्विंटल कृष्णा एग्रो प्रोडक्ट्स 280 क्विंटल एवं एग्रो राइस मिल में 483 क्विंटल के धान का जब्ती बनाया गया। प्रशासन की कार्यवाही से धान की अवैध खरीदी बिक्री करने वाले कोचिये बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है। जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के परिवहन और अफरा तफरी करने वाले कोचिये बिचौलियों पर सख्ती करने के साथ ही जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में भी लगातार कड़ी मॉनिटरिंग करने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा आज शाम सभी जिला नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिया गया है




