अंबिकापुर। शहर के साईं बाबा मंदिर मार्ग गांधीनगर निवासी खनिज विभाग के आरक्षक अशोक कुमार मिश्रा के सुने घर का ताला तोड़कर चोरों ने नगद रकम, सोने चांदी का जेवरात सहित करीब डेढ़ से दो लाख रुपए मूल्य का सामान पार कर दिया। बताया जा रहा है कि आरक्षक अजिरमा बेरियर में पदस्थ हैं। वे घर में ताला लगाकर परिवार सहित पैतृक गांव गए थे। 27 जनवरी को पड़ोसियों ने फोन कर उन्हे घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी। आरक्षक ने वापस लौटने के बाद जब घर का नजारा देखा तो दंग रह गया। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, आलमारी, दीवान भी खुला था। सामानों की जांच करने पर उक्त चोरी का पता चला। चोरों ने घर में लगा सीसी टीवी कैमरा और डीवीआर भी नही छोड़ा।
मठपारा में भी हुई चोरी
शहर के नमनाकला निवासी डॉ. ज्योति कुजूर के मठपारा स्थित फार्म हाउस में भी चोरों ने दबिश देकर करीब 50 हजार रूपए मूल्य का सामान पार कर दिया। फार्म हाउस में सबमर्सिबल पंप, घरेलू गैस सिलेंडर, सहित अन्य सामान रखा था जो गायब मिला।



