![]() |
| फाइल कार्टून फोटो |
अंबिकापुर। लूटपाट के लिए कुख्यात हो रहे अंबिकापुर शहर से लगे लुचकी घाट में लघुशंका कर वाहन में बैठे चालक के अगल बगल लपककर चढ़े लुटेरों ने धमकाया और नगद 12 हजार रुपए, एक मोबाइल के साथ पिकप वाहन को भी लूट फरार हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया । घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक बतौली थाना के ग्राम परसापाली कोट निवासी विनोद तिर्की अंबिकापुर के गांधीनगर में रहने वाले अपने जीजा संजय एक्का के घर पर रहकर उनकी पिकप वाहन चलाता था। घटना दिवस 10 जनवरी को वह बतौली में समान छोड़ वापस लौटते समय रात करीब 11 बजे लूचकीघाट में लघुशंका करने रुका था। वहां पहले से ही घात लगाए चार बदमाश छिपे हुए थे। जैसे ही विनोद तिर्की लघुशंका कर वाहन में बैठा तभी दो बदमाश अचानक पहुंचे और जबरदस्ती उसके अगल बगल बैठ गए, और दो अन्य लुटेरे पीछे डाला में चढ़ गए, अगल बगल में बैठे लुटेरों ने जान से मारने की धमकी देकर उससे नगद रकम, मोबाइल लुटने के बाद नीचे उतारे और पीछे डाला में बैठाने लगे तभी चालक नीचे कूदा और अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। इधर चारो लुटेरे पिकप वाहन लेकर भाग निकले। किसी प्रकार पैदल ही भागता हुआ चालक कोतवाली पहुंचा और यह आपबीती घटना की जानकारी दी मगर पुलिस ने तत्परता पूर्वक कार्यवाई करने के बजाए दूसरे दिन आना बोल भगा दिया। 11 जनवरी को भी एफआईआर दर्ज नहीं किया गया। जब वह 12 जनवरी को पुनः कोतवाली पहुंचा तब कहीं जाकर पुलिस ने अपराध दर्ज किया।




