पहले फर्जी पट्टा बनवाया ... अब स्थगन आदेश के बाद भी जमीन पर कब्जा करने दे रहे ग्रामीणों को धमकी ... मैनपाट के रोपाखार के ग्रामीणों ने अधिकारियों पर मिलीभगत का लगाया आरोप .. विवाद से बन रही तनाव की स्थिति
By -
फ़रवरी 16, 2024
0
अंबिकापुर। शासकीय भूमि का फर्जी तरीके से पट्टा बनवा कर दूसरे को बेचने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वाले मैनपाट सपनादर के ग्रामीणों ने आज जालसाजों के खिलाफ न्यायालय के स्थगन आदेश की अवहेलना और गुंडा गर्दी करने का भी आरोप लगाया है। ज्ञानी यादव के साथ दर्जनों ग्रामीण के द्वारा मंगलवार को इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई थी । ज्ञानी यादव के द्वारा कतिपय राजस्व कर्मियों के खिलाफ भी मिली भगत कर फर्जी तरीके से पट्टा बनाने का आरोप लगाया है। ज्ञानी यादव ने बताया कि ग्राम पंचायत सपनादर तहसील सीतापुर में पिता पिछले 60 वर्षों से रोपाखार के 1.22 एकड़ भूमि पर खेती किसानी के साथ पशु पालन का काम करते थे, इसी भूमि पर इनका मकान भी है। लेकिन बाद में पडोस के गांव के एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के कारण इस भूमि का फर्जी तरीके से गलत दस्तावेज देकर अधिकारियों से मिली भगत कर जमीन का पट्टा बनवा लिया और ज्ञानी यादव के काबिज जमीन पर कब्जा करने के लिए विवाद करने लगा। कुछ दिनों तक विवाद चला जिसका बाद पैसे की लालच में हरिनंदन ने अंबिकापुर के एक व्यक्ति को 2006 में जमीन बेच दिया। विवाद उस समय खड़ा हुआ जब कुछ महीने पहले जमीन खरीदने वाले अंबिकापुर के व्यक्ति ने जेसीबी मशीन से ज्ञानी यादव के काबीज जमीन पर अपना अधिकार बताते हुए कब्जा करने पहुंचे। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। फर्जी तरीके से पट्टा बनवा कर दूसरे को जमीन बेचने के मामले में परेशान ज्ञानी यादव पिता जगरोपन के साथ अवधेश यादव के द्वारा जनदर्शन में कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच करा कर बनाए गए फर्जी पट्टे को निरस्त करने की मांग की गई थी। ज्ञानी यादव ने आरोप लगाया कि अंबिकापुर के व्यक्ति के द्वारा आए दिन रोपाखार में आकर उन्हें धमकी दी जा रही है, यह खुलेआम कहा जा रहा है कि मेरा कोई कुछ नही बिगाड़ सकता, अधिकारी मेरे जेब में हैं। बल पूर्वक जमीन पर कब्जा हासिल करने प्रयास किया जा रहा है। जिससे गांव में तनाव की स्थिति भी है। ज्ञानी यादव ने आरोप लगाया कि शिकायत पर स्थानीय अधिकारी कार्यवाही करने के बजाय फर्जी तरीके से जमीन का पट्टा बनवाने वाले लोगों की मदद कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि इससे यहां की स्थिति कभी भी विस्फोट हो सकती है। यदि जिला स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री के समक्ष न्याय के लिए गुहार लगाएंगे।




