अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से सरगुजा सहित समूचे उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश हो रही है। नदी नाले उफान पर हैं, शुक्रवार को रात से शुरू हुई बारिश आज शनिवार को भी बगैर थमे अनवरत जारी है। बारिश से तरबतर इलाकों में जन जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक तटीय पश्चिम बंगाल पर बना दबाव 22 किमी प्रति घंटे की गति से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया और 25 जुलाई को 17. 30 बजे भारतीय समयानुसार यह पश्चिम बंगाल के गंगा के तटीय क्षेत्र में अक्षांश 22.7° उत्तर और देशांतर 88.4° पूर्व के पास, मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) से लगभग 30 किमी उत्तर-उत्तरपूर्व, बांकुरा (पश्चिम बंगाल) से 80 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) से 120 किमी दक्षिणपूर्व और जमशेदपुर (झारखंड) से 130 किमी पूर्व में केंद्रित हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान इसके गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तरी ओडिशा, झारखंड और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ में पश्चिम- उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के द्वारा अगले एक दो दिनों तक कहीं कहीं भारी बारिश और गाज की संभावना भी जताई गई है।




