अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 10 जुलाई ।।
शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का आदेश लेकर दरिमा क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगा रहे स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कर्मचारियों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। बाद में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई। विगत कुछ दिनों से ग्राम बकालो और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम जिस आदेश पर जारी था वो अम्बिकापुर शहर के लिए जारी था। यह आदेश 4 अक्टूबर 2024 को जारी था। इस आदेश के आधार पर ग्रामीण क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाये जाने का विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि स्मार्ट मीटर विद्युत खपत की सही रीडिंग न कर बढचढकर रीडिंग करता है। ग्रामीण इस बात से भी परेशान थे कि इस प्रीपेड मीटर के लग जाने पर वो कैसे अग्रिम भुगतान कर बिजली का उपयोग करेंगे। पहले से ही अधिक विद्युत दर से परेशान ग्रामीणों को प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने से बढ़ने वाले व्यय को लेकर भयभीत थे। उसपर अम्बिकापुर शहर को लेकर जारी आदेश के आधार पर गांव में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर कंपनी के कर्मचारियों के दबाव से वे आक्रोशित हो गए। इस स्थिति से निपटने के लिए उन्होंने कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता को बुलाया। मौके पर पहुँच उन्होंने इस मसले को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क किया और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया।इसके उपरांत विद्युत विभाग के अधिकारी संशोधित आदेश की कॉपी लेकर वहाँ पहुंचे और उन्होंने ग्रामीणों को मौखिक रूप से आश्वस्त करने का प्रयास किया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर से विद्युत बिलों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। लेकिन ग्रामीण इस आश्वासन पर सहमत नहीं हुए उन्होंने इसका विरोध जारी रखने का निर्णय लिया है।ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें विभाग का यह नया फंडा मंजूर नहीं है। इस दौरान नारद गुप्ता, ग्राम बकालो के सरपंच अविनाश, नीलेश गुप्ता एवं अन्य ग्रामीण मौजूद थे।




