कोरबा। खबरी गुल्लक ।।
शुक्रवार की दोपहर शहर में एक हृदयविदारक हादसा घटित हुआ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन के समीप स्थित रिस्दी तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना ने पूरे पुलिस परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक राजेश्वर सिंह ठाकुर, आरक्षक जोलजस लकड़ा तथा एक महिला आरक्षक अपने-अपने परिवार सहित निवासरत हैं। शुक्रवार को रोज की तरह सभी पुलिसकर्मी अपने-अपने कार्य पर ड्यूटी के लिए निकल गए थे। इस बीच उनके बच्चे आपस में खेलकूद करते हुए दोपहर को तालाब की ओर चले गए।
तालाब में नहाते समय अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में उतर गए और बाहर नहीं निकल पाए। घटना में युवराज सिंह ठाकुर (9 वर्ष), आकाश लकड़ा (13 वर्ष) और प्रिंस जगत (12 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं उनके साथ गए अन्य दो बच्चों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस लाइन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। डूबे हुए बच्चों को किसी तरह बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस दर्दनाक हादसे ने पूरे पुलिस परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान अस्पताल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। बच्चों की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।






