कोरबा।। खबरी गुल्लक।।
हरियाणवी लोक गायिका और नृत्यांगना सपना चौधरी के रविवार की रात कोरबा में हुए कार्यक्रम के बाद जमकर बवाल हुआ। आयोजन समिति और उनकी टीम के बीच लेनदेन को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि होटल के कमरे में तोड़फोड़ और मारपीट तक की नौबत आ गई। मामला बढ़ने पर सपना चौधरी ने पुलिस अधीक्षक के नाम लिखित शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि पराकाष्ठा एनजीओ के तत्वावधान में शहर के जश्न रिसॉर्ट में सपना चौधरी का लाइव शो आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के प्रति लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। शाम 8 बजे से ही रिसॉर्ट में भीड़ उमड़ने लगी थी। लगभग 9.30 बजे सपना ने मंच संभाला, तो दर्शक उनके गीतों पर झूम उठे। बढ़ती भीड़ और हंगामे के कारण कार्यक्रम निर्धारित समय से पहले समाप्त करना पड़ा। सपना चौधरी ने अपनी शिकायत में बताया कि वे टीम के साथ कमरे में विश्राम कर रही थीं, तभी आयोजन समिति के सदस्य अमित, अनिल, युगल और सुजल ने दरवाजे पर लात मारते हुए अंदर घुसकर गाली- गलौच और मारपीट की। उन्होंने गोली मारने और जान से मारने की धमकी भी दी। सपना ने कहा कि अगर रिसॉर्ट संचालक और पुलिस तत्काल हस्तक्षेप नहीं करते, तो गंभीर अनहोनी हो सकती थी।
दोनों पक्ष ने की प्राथमिकी दर्ज
घटना के बाद आयोजक समिति और रिसॉर्ट संचालक दोनों कोतवाली पहुंचे और एक- दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। रिसॉर्ट संचालक ने 10,000 रुपये नकद, लैपटॉप और डीवीआर चोरी करने सहित तोड़फोड़ से करीब सात लाख रुपये के नुकसान का आरोप लगाया। वहीं आयोजक सदस्य अनिल ने मारपीट और लूट की शिकायत दी। पुलिस ने करणदीप की रिपोर्ट पर अमित, अनिल, युगल और सुजल के खिलाफ तथा अनिल की शिकायत पर गोल्डी, इशान और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है।



