अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।।23 जनवरी 2026
जिला किसान कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने प्रदेश में धान खरीदी की अव्यवस्था के खिलाफ महामहिम राज्यपाल छत्तीसगढ़ को 7 सूत्रीय मांगों वाला ज्ञापन सौंपा है। जिला अध्यक्ष दुर्गेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर सरगुजा के माध्यम से यह ज्ञापन राजभवन रायपुर भेजा, जिसमें किसानों की चिंताजनक समस्याओं का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर भारी अव्यवस्था, उदासीनता और दोषपूर्ण नीतियों का आरोप लगाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसान असहाय, अपमानित और ठगे हुए महसूस कर रहे हैं। मांगों में धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी से बढ़ाकर 28 फरवरी तक करने, सोसायटियों में जमा धान का 4 दिनों में त्वरित उठाव शुरू करने, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से एकमुश्कत भुगतान सुनिश्चित करने जैसी बातें शामिल हैं।
इसके अलावा लंबित टोकनों का 4 दिनों में निराकरण, वन पट्टा धारी किसानों की तकनीकी दिक्कतें दूर करना, गिरदावरी में रकबा कटौती व सत्यापन के बहाने उत्पीड़न बंद करना तथा टोकन सत्यापन के नाम पर किसानों के घर- कोठारों में जाकर जांच की अपमानजनक प्रक्रिया रोकने की मांग की गई है। दुर्गेश गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि शासन इन जायज मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं करता, तो छत्तीसगढ़ प्रदेश किसान कांग्रेस पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से उग्र आंदोलन और प्रदर्शन के लिए विवश होगी।

.jpg)





















