अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
राजीव गांधी शासकीय स्रातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर के वाणिज्य संकाय में कार्यरत नियमित प्राध्यापिका श्रीमती रश्मित कौर को डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में पीएच.डी. (डॉक्टरेट) की उपाधि प्राप्त हुई है। उनकी इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार, शैक्षणिक जगत एवं जिले में हर्ष और गौरव का वातावरण है। श्रीमती रश्मित कौर प्रारंभ से ही एक मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 12वीं में विद्यालय में टॉपर का स्थान प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने स्नातक स्तर की पढ़ाई गुरु घासीदास विश्वविद्यालय से पूर्ण की, जहाँ वर्ष 2009 में विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में पाँचवाँ स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए श्रीमती रश्मित कौर ने एम.ए. (अंग्रेज़ी) एवं एम.ए. (अर्थशास्त्र) की उपाधियाँ भी अर्जित कीं। बहुविषयक ज्ञान के कारण उनकी अकादमिक दृष्टि व्यापक और गहन रही है, जिसका लाभ विद्यार्थियों को निरंतर मिलता रहा है।
वर्ष 2011 से 2017 तक उन्होंने होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल में पीजीटी इकॉनॉमिक्स के रूप में सेवाएँ दीं। इस अवधि में उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल पाठ्यक्रमीय ज्ञान प्रदान किया, बल्कि उन्हें जीवन मूल्यों, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण की प्रेरणा भी दी। उनके शिक्षण कार्य को विद्यालय स्तर पर विशेष सराहना प्राप्त हुई।
वर्ष 2014 में उन्होंने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक परीक्षा उत्तीर्ण की और अपने विषय की मेरिट सूची में 10वाँ स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और विषय पर गहरी पकड़ का प्रमाण है। इसके उपरांत वर्ष 2017 में उनकी नियुक्ति राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में वाणिज्य संकाय में हुई, जहाँ वे वर्तमान में निरंतर सेवाएँ दे रही हैं। शैक्षणिक शिक्षण के साथ-साथ श्रीमती रश्मित कौर शोध कार्यों में भी अत्यंत सक्रिय रही हैं। अब तक उनके 15 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय शोध संगोष्ठियों, सेमिनारों एवं कार्यशालाओं में सहभागिता की है, जहाँ उनके शोध पत्रों और विचारों को सराहा गया है। एक कुशल वक्ता के रूप में भी श्रीमती रश्मित कौर की विशेष पहचान है। वे विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों में मोटिवेशनल स्पीकर के रूप में सहभागिता करती रही हैं। उनके विचार विद्यार्थियों, युवाओं और शिक्षकों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास की प्रेरणा देते हैं।
डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त करना उनके शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनका शोध कार्य न केवल अकादमिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि भविष्य में शोधार्थियों और विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। श्रीमती रश्मित कौर सामाजिक रूप से भी एक सशक्त एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व हैं। वे सरगुजा जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो की धर्मपत्नी हैं और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी पूरी निष्ठा एवं गरिमा के साथ करती हैं।

.jpg)






















