सूरजपुर।। खबरी गुल्लक। 25 मई 2026
संयुक्त जिला कार्यालय में आज आयोजित जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचे आमजनों ने कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के समक्ष अपनी समस्याओं, मांगों एवं शिकायतों से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए। जनदर्शन में कुल 98 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, बिजली-पानी, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रमुख रूप से शामिल रहे। कलेक्टर ने एक-एक आवेदक से शांतिपूर्वक उनकी समस्या सुनी तथा उनकी कठिनाइयों को गंभीरता से समझते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जनदर्शन में प्राप्त समस्त आवेदनों की गंभीरता से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर निराकरण योग्य प्रकरणों का शीघ्रातिशीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेह व्यवस्था के तहत प्रत्येक पात्र हितग्राही को उनका हक एवं सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य मिले, यह सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों का प्रथम दायित्व है।
कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि जिन आवेदनों के निराकरण में अधिक समय लगने की संभावना है, उनकी समयसीमा निर्धारित कर निराकरण की वस्तुस्थिति से आवेदकों को निरंतर अवगत कराया जाए, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की प्रगति की जानकारी समय पर मिलती रहे। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निराकरण की मॉनिटरिंग पोर्टल पर नियमित रूप से अद्यतन की जाए तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। जनदर्शन में प्राप्त समस्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण हेतु प्रेषित कर दिया गया है।






