अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
पूर्व उपमुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव के अनिश्चितकालीन धरने व आमरण अनशन के तेवर और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज की आंदोलनकारी सक्रियता के बीच आखिरकार प्रशासन झुक गया। बुधवार को विश्रामपुर थाना के सामने शुरू हुए धरने के बाद बुधवार को दोनों नेताओं और उनके साथियों की तीनों मांगे मान ली गयीं। अनशन पर बैठे टीएस सिंहदेव और प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज को नारियल पानी पिला कर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया गया।
सोमवार शाम से बढ़े तनाव के बाद मंगलवार को सूरजपुर जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों ने विश्रामपुर थाने का घेराव किया था। मांग थी शिवनन्दनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान पूर्व जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ हुई आर्म्स एक्ट की कार्रवाई को रद् किया जाए तथा नगर पंचायत चुनाव के समय विवाद में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव व सूरजपुर के जिला पदाधिकारियों ने थाने पर पहुंचकर प्रशासन से शिकायत की, लेकिन इन मांगों पर पुलिस ने संतोषजनक कार्रवाई नहीं की। इसके बाद सभी कांग्रेसियों ने थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने एक दिन पहले चेतावनी दी थी कि यदि शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। सिंहदेव ने कहा था कि मैं सामान्यतः मंगलवार को सूर्यास्त तक उपवास रखता हूं, यदि शाम तक हमारी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो मैं आमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा।’ इस चेतावनी के बाद भी प्रशासन व पुलिस का रवैया कड़वापन लिए रहा, जिससे आंदोलन तेज हुआ।
रात में करीब 2:30 बजे तक टीएस सिंहदेव अपने निजी कमर्चारियों व प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के साथ धरने पर डटे रहे। सुबह से ही दोनों नेता थाने के सामने मौजूद रहे और कांग्रेस के कई पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी धरना स्थल पर एकत्रित रहे।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने आखिरकार तीनों मांगों को मानने और आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद टीएस सिंहदेव और प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने अपना अनशन समाप्त किया। स्थानीय नेताओं ने बताया कि नेताओं को नारियल पानी पिलाया गया।
जनहित के मुद्दे उठाते रहेंगे - टीएस
टीएस सिंहदेव ने बताया कि जनहित के मसलों पर वे कभी पीछे नहीं हटेंगे और यदि प्रशासन जनादेश की आवाज़ नहीं सुनता है तो जनता के साथ मिलकर आवाज उठाते रहेंगे। दीपक बैज ने कहा कि आज की जीत प्रदेश कांग्रेस की दृढ़ता और अनुशासन का परिणाम है तथा अब जिला प्रशासन को आरोपियों के खिलाफ गंभीर और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए।




