अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।।
शासकीय राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय के इतिहास विषय के अतिथि प्राध्यापक चंद्र किशोर कौशल पर एक छात्रा को लगातार अश्लील संदेश भेजने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और उसकी शादी तुड़वाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पीड़िता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2025 में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक चंद्र किशोर कौशल उससे व्हाट्सएप पर संदेश भेजते थे। शुरुआत में शिष्टाचारवश पीड़िता उनका उत्तर देती रही, लेकिन अक्टूबर- नवंबर 2025 में आरोपी ने अश्लील फोटो और अभद्र भाषा वाले संदेश भेजने शुरू कर दिए। इससे परेशान होकर पीड़िता ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया और घटना की जानकारी अपने परिजनों तथा महाविद्यालय प्रबंधन को दी।शिकायत के बाद महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से आरोपी को पीड़िता को परेशान न करने की चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे और अधिक परेशान करना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में यह भी बताया कि उसकी शादी 1 मई 2026 को तय थी, लेकिन आरोपी ने वर पक्ष के लोगों को पीड़िता के बारे में भ्रमित कर दिया, जिससे विवाह टूट गया। इतना ही नहीं, 27 फरवरी 2026 को आरोपी अपने साथियों के साथ पीड़िता को सुनसान स्थान पर ले गया और वहां से उसका 1 सैमसंग अल्ट्रा तथा 1 विवो मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
लगातार उत्पीड़न, मानसिक पीड़ा, अपमान और सामाजिक दबाव से परेशान होकर पीड़िता ने थाना अम्बिकापुर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली अम्बिकापुर में अपराध क्रमांक 160/2026 दर्ज किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1)(ii), 78, 79, 309(4), 3(5) तथा आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने प्राचार्य, शासकीय राजमोहिनी देवी महाविद्यालय से आरोपी के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की। बताया गया कि घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। इसी बीच 4 मई 2026 को आरोपी चंद्रकिशोर ने न्यायालय अम्बिकापुर में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर पुलिस ने डॉ. चंद्रकिशोर कौशल, पिता सुभाष राम, उम्र 30 वर्ष निवासी बाबूपारा, अम्बिकापुर थाना मणिपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली अम्बिकापुर निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, आरक्षक बृजेश राय, अहसान फिरदौसी और नितिन सिन्हा सक्रिय रहे।



