ADD

LLB की पढ़ाई के दौरान शादी का झांसा दे 4 साल तक बनाया संबंध... जब विवाह के लिए बोली तो किया इंकार, आरोपी संदीप गिरफ्तार

0

अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक ।।

शादी का लालच देकर एक युवती का चार साल तक शारीरिक शोषण करने के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी संदीप एक्का ने LLB की पढ़ाई के दौरान पीड़िता को शादी का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में मुकर गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। 

पुलिस ने बताया कि पीड़िता ने थाना कोतवाली अंबिकापुर में शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022-23 में LLB की पढ़ाई के दौरान उसके क्लासमेट संदीप एक्का से किराये के मकान में रहते हुए प्रेम संबंध बन गए। आरोपी ने बार-बार शादी का वादा कर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए। लगातार चार वर्षों तक यह शोषण चला, लेकिन जब पीड़िता ने शादी की बात की तो संदीप ने साफ इंकार कर दिया। इससे आहत पीड़िता ने आखिरकार पुलिस के पास पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 282/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी संदीप एक्का पिता बालम राम निवासी कांतिप्रकाशपुर घोमपारा थाना अंबिकापुर  को 5 मई 2026 को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। अपराध के पुख्ता सबूत मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।  कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने नेतृत्व किया। सहायक उपनिरीक्षक विवेक पांडेय, आरक्षक अदीब सिंह, विवेक राय, नितिन सिन्हा, अहसान फिरदौसी और बृजेश राय सक्रिय रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)