थाने में कबाड़ियों की खातिरदारी करने वाले दो पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन अटैच

थाने में कबाड़ियों की खातिरदारी करने वाले दो पुलिस कर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया लाइन अटैच

khabrigullak.com
By -
0

बिलासपुर।। खबरी गुल्लक ।। 

बिलासपुर जिले में अवैध कबाड़ियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के बीच कोनी थाना में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  राजनेश सिंह ने प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को तत्काल प्रभाव से थाना कोनी से रक्षित केंद्र में लाइन अटैच करने के आदेश दिए हैं। आदेश में पुलिस विभाग की छवि और कानून प्रवर्तन के प्रति दिखाए गए उदासीन व्यवहार को गंभीरता से लिया गया है।

पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुई, जिसमें कोनी थाना के मुंशी कक्ष में पकड़े गए कबाड़ी आराम से कुर्सी पर पैर ऊपर रखकर बैठे दिखे। वायरल मीडिया क्लिप में आरोपी के साथ चाय-नाश्ता और ब्रांडेड पानी भी दिखा, जिससे यह आशंका पैदा हुई कि कार्रवाई के समय पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठता का पालन नहीं किया। इसकी सूचना एसएसपी कार्यालय तक पहुंचते ही मामले की सख्ती से जांच कर आदेश जारी किए गए।

एसएसपी राजनेश सिंह ने बताया कि जिले में अवैध रूप से संचालित कबाड़ियों के खिलाफ स्पष्ट निर्देश पहले ही सभी थाना प्रभारियों को दिए जा चुके थे। इन निर्देशों के तहत एक व्यापक अभियान चला कर अवैध कबाड़ की जब्ती व दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करवाई जा रही है। ऐसे समय में कोनी थाना के कुछ कर्मियों का अनौपचारिक व्यवहार नीतियों और जारी निर्देशों के अनुरूप नहीं पाया गया, इसलिए यह कदम आवश्यक माना गया।

प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को तत्काल प्रभाव से थाना कोनी से हटाकर रक्षित केंद्र में लाइन अटैच किया गया है। आदेश में कहा गया है कि कार्रवाई के दौरान भी पुलिस कर्मियों द्वारा आरोपियों/कबाड़ियों के साथ सहजता एवं आराम भरा व्यवहार करना अनिवार्य अनुशासन के विरुद्ध है।  मामले की शुरुआती जानकारी और वायरल तस्वीरों के आधार पर कड़ी कार्रवाई की गई है, आगे की जांच के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)