अंबिकापुर/ मैनपाट।। 25 मई 2026
पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) मैनपाट में आज सोमवार को प्रातः नवआरक्षक बुनियादी प्रशिक्षण, 12वां सत्र-2026 का दीक्षांत परेड समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक मैनपाट, सचिन्द्र चौबे ने नवआरक्षकों को शपथ दिलाई।
परेड के बाद पीटीएस मैनपाट के पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण अवधि और संस्था से जुड़ी समग्र जानकारी का प्रतिवेदन पेश किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए पुलिस महानिरीक्षक श्री झा ने कहा कि आरक्षक पुलिस विभाग की रीढ़ और नींव का पत्थर होते हैं। उन्होंने बताया कि आरक्षक लगातार आम जनता के संपर्क में रहते हैं और उनके आचरण तथा कार्यशैली से ही विभाग की छवि बनती है। श्री झा ने नवआरक्षकों को निर्देश दिए कि वे हाल के तीन नए कानूनों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का पालन करें और कुशल व संवेदनशील पुलिस अधिकारी बनें। उन्होंने नवआरक्षकों के उज्जवल भविष्य की भी शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले नवआरक्षकों को मुख्य अतिथि ने नगद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और शील्ड प्रदान किए। इस बार कुल 83 नवआरक्षक दीक्षांत परेड में शामिल हुए, जिनमें 23 जिलों से प्रतिनिधित्व था। सहभागियों के जिलों और संख्या इस प्रकार हैं: महासमुंद-3, रायपुर-20, राजनांदगांव-7, रायगढ़-4, दुर्ग-6, जशपुर-4, कोरबा-3, बालोद-2, एमसीबी-2, बिलासपुर-5, बलरामपुर-4, सरगुजा-2, बेमेतरा-1, धमतरी-7, सूरजपुर-1, गरियाबंद-2, कबीरधाम-3, बलौदाबाजार-1, सक्ती-1, कोरिया-1, मुंगेली-1, मोहला-मानपुर-2, ईओडब्लू रायपुर-1।
दीक्षांत परेड का संचालन व्याख्यात अशिष कच्छप ने किया। परेड कमाण्डर दिलीप खलखो तथा सहायक परेड कमाण्डर रोहन चन्द्राकर ने परेड का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट ने पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल, कमांडेंट 18वीं वाहिनी छसबल मनेन्द्रगढ़ संजय शर्मा और पुलिस अधीक्षक पीटीएस माना रायपुर राजकुमार मिंज को स्मृति चिन्ह सौंपकर सम्मानित किया। समारोह में अन्य जनप्रतिनिधि, आम नागरिक भी उपस्थित रहे।








