बिजली कटौती, जर्जर सड़क व गंदगी पर कांग्रेस का अंबिकापुर में चक्काजाम... अधिकारियों को लगाई लताड़

बिजली कटौती, जर्जर सड़क व गंदगी पर कांग्रेस का अंबिकापुर में चक्काजाम... अधिकारियों को लगाई लताड़

khabrigullak.com
By -
0

अम्बिकापुर।।खबरी गुल्लक ।।

अंबिकापुर शहर में लगातार जारी अघोषित बिजली कटौती, राष्ट्रीय राजमार्ग और निगम की जर्जर सड़कों, खराब सफाई व्यवस्था, बंद स्ट्रीट लाइट और बजबजाती नालियों समेत कई अतिआवश्यक सेवाओं की अनदेखी के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा ने आज दोपहर 4 बजे संगम चौक पर चक्काजाम कर दिया। चिलचिलाती धूप में शुरू यह प्रदर्शन देर शाम तक  जारी रहा। आंदोलन में शहरवासी व पार्टी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से मौजूद रहे।

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में हुए चक्काजाम में प्रदर्शनकारियों ने बिजली कटने से लोग परेशान और बिल बढ़ता जा रहा है तथा रोड हमारा बन नहीं पा रहा है जैसे नारे लिखे हुए प्लेकार्ड लेकर शहर की खस्ता हालत पर नाराज़गी जताई। कांग्रेसियों ने नागरिकों को मैलोडी चॉकलेट बांटकर लोगों को यह संदेश भी दिया कि वे अपनी परेशानियों को भूल कर त्रिपल‑इंजन की सरकार से सवाल करें। आयोजन के दौरान कई जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नेताओं ने नगर निगम व विद्युत विभाग की कार्यशैली पर तीखी टिप्पणियाँ कीं।

ज्ञापन पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर चक्का जाम 


नेता प्रतिपक्ष शफ़ी अहमद ने बताया कि वे और उनकी टीम ने 18 मई को सरगुजा कलेक्टर को यह समस्याएँ लेकर ज्ञापन सौंपा था, पर स्थिति में कोई सकारात्मक बदलाव न दिखाई देने पर आज चक्काजाम का निर्णय लिया गया। कांग्रेसियों ने कहा कि बार‑बार अनुरोध करने के बाद भी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने पर जनता को मजबूरन सड़क पर आना पड़ा। उन्होंने कहा कि यदि चिंता का विषय बने मुद्दों पर ट्रिपल‑इंजन की सरकार व संबंधित विभाग त्वरित और सतत सुधार न दिखाएंगे तो कांग्रेस सड़कों पर और कड़ा आंदोलन शुरू कर सकती है। वहीं अधिकारीयों की ओर से मिले अस्थायी आश्वासनों के बाद कार्रवाई का समय सीमित होने के कारण शहरवासी और कांग्रेस दोनों अब आगामी 48 घंटों और एक सप्ताह के भीतर किए गए सुधारों के परिणामों को देखेंगे।

झूठ बोल सत्ता में आए 

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश व निगम में कांग्रेस के शासनकाल में विकास के ठोस कार्य हुए थे, जबकि वर्तमान में भाजपा की सरकार ने झूठ‑फरेब और धोखे से सत्ता हासिल कर जनता को परेशान कर रखा है। प्रदेश महासचिव द्वितेंद्र मिश्र,पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, जिला महामंत्री सत्येंद्र तिवारी , शैलेन्द्र प्रताप सिंह, दुर्गेश गुप्ता, अनूप मेहता, नुरूल अमीन सिद्दीकी, शुभम जायसवाल, दिलीप धर,मोहम्मद इस्लाम सहित अन्य प्रदर्शन कारियों ने कहा कि अगर महापौर अधिकारियों पर नियंत्रण नहीं रख पा रहीं तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और महिला व आदिवासी होने का बहाना बंद कर विकास में रुकावट न बनना चाहिए। 

अधिकारियों ने दिया आश्वासन

चक्काजाम स्थल पर विद्युत विभाग, निगम, पीडब्ल्यूडी व जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। विद्युत विभाग के प्रतिनिधियों ने दो दिन का समय मांगा और बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। निगम तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने सड़कों की मरम्मत व सुधार के लिए एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई करने का भरोसा जताया। अधिकारियों ने कहा कि वे प्राप्त शिकायतों की प्राथमिकता के साथ जाँच कर आवश्यक काम कराएँगे।

नहीं तो फिर होगा आंदोलन 

कांग्रेस नेताओं ने चक्काजाम से नागरिकों को हुई असुविधा के लिए माफी माँगी। कांग्रेस प्रदेश महासचिव द्वितेंद्र मिश्र ने कहा  कि चक्का जाम मजबूरी थी और यदि समस्याओं का त्वरित समाधान न हुआ तो वे बड़े और उग्र आन्दोलन के लिए तैयार हैं। उन्होंने एनएच कार्यालय के घेराव तथा महामाया चौक से गुरुद्वारा तक गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण की भी मांग दोहराई।निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, कांग्रेस प्रदेश महासचिव द्वितेंद्र मिश्र ने चेतावनी दी कि यदि कानून अपने हाथों में लेने के सिवाय कुछ नहीं बचा तो वे पीछे नहीं हटेंगे और अधिकारियों की कथित कमीशनखोरी की तीखी आलोचना की।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)