रायपुर।। खबरी गुल्लक।। 10 जून 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के अंतर्गत बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन हेतु 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है।
इस राशि से अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट और ब्लड स्टोरेज यूनिट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
स्वीकृत कार्यों के तहत अस्पताल में ऑटोमेटिक ऑटोक्लेव मशीन, आधुनिक ओटी लाइट, मल्टी पैरा मॉनिटर, एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन, वेंटिलेटर, इलेक्ट्रिक ऑपरेशन टेबल, डायलिसिस मशीन, आरओ प्लांट, ट्रूनेट मशीन, ब्लड स्टोरेज रेफ्रिजरेटर, डीप फ्रीजर सहित अन्य आवश्यक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। इससे अस्पताल की उपचार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
नई सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अंबिकापुर, रायपुर या अन्य बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से किडनी रोगियों को स्थानीय स्तर पर डायलिसिस सुविधा उपलब्ध होने से समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। वहीं ब्लड स्टोरेज यूनिट स्थापित होने से दुर्घटना, प्रसव और अन्य आपात स्थितियों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। आधुनिक सुविधाओं और उन्नत चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिलेगा तथा गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की निर्भरता कम होगी। अस्पताल उन्नयन की यह पहल रामानुजगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभान्वित करेगी और प्रदेश सरकार की जनकेंद्रित स्वास्थ्य नीति को और मजबूती प्रदान करेगी।




