अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।। 1 जून 2026
सूरजपुर जिला के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शिवपुर में कार को ठोकर मार सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे भिड़ंत हो जाने से मोटर साइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि,जबकि एक युवक घायल हो गया। घटना से भड़के गांव के नशेड़ियों ने ट्रक को आग लगा दिया वहीं घटना की सूचना पर मदद के लिए पहुंचे डायल 112 के आरक्षक निशांत टोप्पो के ऊपर घटना स्थल की वीडियो बनाते समय जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के तीनों मृतकों को प्रतापपुर पुलिस अस्पताल के मर्चुरी ले गई जबकि घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों मृतक ग्राम बैकोना के रहने वाले हैं। आरक्षक के साथ मारपीट की घटना की भी लोगों ने वीडियो बना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के आधार पर पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। मृतकों में रूपचंद पैकरा 18 वर्ष,रवि पैकरा 15 वर्ष,ओमप्रकाश पैकरा 17 वर्ष शामिल हैं, वहीं अरमान पैकरा 17 वर्ष घायल हो गया। सभी ग्राम बैकोना के रहने वाले हैं, वे एक बाइक में सवार हो शादी समारोह में जा रहे थे तभी रास्ते में उक्त दर्दनाक हादसा हुआ।
घटना के संबंध में सूरजपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने खबरी गुल्लक को जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार की रात की है। उन्होंने बताया कि प्रतापपुर थाना से लगे ग्राम शिवपुर में एक ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक कार को मामूली ठोकर मार दिया था,इस हादसे में कार का साइड मिरर टूट गया था। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन से चाबी निकाल गाड़ी छोड़ फरार हो गया। ट्रक बीच सड़क खड़ी थी।
इस तरह हुई घटना
इस घटना के थोड़ी देर बाद एक बाइक में सवार चार युवक उस और आ रहे थे। तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख पाया और बाइक तेज गति के साथ ट्रक के पिछले हिस्से में टकरा गया। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि दो युवकों को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक और युवक को चिकित्सकों के द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। इस इसके पूर्व हादसे के बाद गांव के नशे में धुत युवकों ने ट्रक को आग लगा दिया। सूचना पर प्रतापपुर थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। डायल 112 के आरक्षक निशांत टोप्पो घटना स्थल की वीडियो बनाने लगे,तभी ट्रक में आग लगाने वाले शराबियों ने आरक्षक को घेर लिया और वीडियो क्यों बना रहे हो कहते हुए हमला कर दिया।
हमलावर शीघ्र होंगे गिरफ्तार
एडिशनल एसपी योगेश देवांगन ने बताया कि घायल युवक को स्थानीय अस्पताल से रेफर किये जाने पर मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। आरक्षक के ऊपर हमला करने वालों की पहचान वायरल वीडियो से की जा रही है। हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




