अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में स्व. श्रीमती कलावती देवी की स्मृति में ऑल इंडिया मैराथन का आयोजन 20 जून को सुबह साढ़े पांच बजे से किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खेल प्रेमियों और धावकों के लिए एक बड़ा अवसर है। प्रतियोगिता में 16 वर्ष या इससे अधिक आयु के युवक, युवती, किशोर हिस्सा ले रहे हैं। मैराथन का शुभारंभ और समापन स्थल गांधी स्टेडिम से होगा। नि:शुल्क पंजीयन के चलते देश भर के प्रतिभागियों ने उत्साह दिखाया और बड़ी संख्या में महिला, पुरूष प्रतिभागियों के द्वारा पंजीयन कराया गया है। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला प्रतिभागियों के लिए अलग- अलग पुरस्कार राशि रखी गई है। पुरुषों की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रूपए, द्वितीय 21 हजार रूपए और तृतीय 11 हजार रूपए रखा गया है। महिलाओं की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 31 हजार रूपए, द्वितीय 21 हजार रूपए, तृतीय 15 हजार रूपए और चतुर्थ पुरस्कार पांच हजार रूपए निर्धारित है। प्रतियोगिता में चौथे से दसवें और ग्यारहवें से बीसवां स्थान हासिल करने वाले धावकों के लिए भी इनाम रखी गई है, जिसमें पुरूष व महिला वर्ग दोनों के लिए चौथे से दसवां स्थान पर 2100-2100 रूपए, ग्यारहवें से बीसवें स्थान के लिए 1100-1100 रूपए का पुरस्कार व शील्ड दिया जाएगा। पंजीयन 18 जून तक होगा।
देश के कोने-कोने से प्रतिभागी लेंगे भाग
वरिष्ठ ठेकेदार और पूर्व पार्षद प्रकाश राय ने बताया कि स्पर्धा का मुख्य उद्देश्य खेल प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का मंच देना और अधिक से अधिक खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से जोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों के रजिस्ट्रेशन के लिए ऑनलाइन सुविधा दी गई थी। बारकोड के चलते देश के कोने-कोने से भी प्रतिभागियों ने स्पर्धा में भाग लेने के लिए पंजीयन कराया। प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9826121600, 9399952835, 9669420604, 9826188070, 7879959697 पर संपर्क कर सकते हैं।



