सक्ती।। खबरी गुल्लक ।।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में वार्ड क्रमांक 7 निवासी पूर्णिमा चौहान नामक एक 28 वर्षीया महिला की अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले हर्बल लाइफ की दवा खरीदने का बहाना बनाया और जैसे ही पूर्णिमा घर से बाहर आई, उसके माथे और सीने पर पिस्टल से ताबड़तोड़ तीन गोलियां दाग दीं। घायल पूर्णिमा को डायल-112 से सक्ती सीएचसी लाया गया, जहां स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया । वारदात के बाद हत्यारा बाइक से फरार हो गए।
यह वारदात शुक्रवार सुबह लगभग 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि दो अज्ञात युवक बाइक से पूर्णिमा के घर के बाहर पहुंचे। उनमें से एक युवक बाइक पर ही बैठा रहा और दूसरा अंदर आया। उसने महिला के भाई उत्तरा कुमार चौहान से कहा कि उन्हें हर्बल लाइफ की दवा खरीदनी है। पूर्णिमा को बुला दें। पूर्णिमा हर्बल लाइफ कंपनी के नेटवर्क मार्केटिंग व्यवसाय से जुड़ी थी, इसलिए भाई ने समझा कि सामान्य ग्राहक आए हैं। उसने बहन को आवाज दी। आवाज सुन जैसे ही पूर्णिमा घर के बाहर निकली, पहले से तैयार बदमाश ने काफी करीब से उस पर फायरिंग शुरू कर दी, और फरार हो गए। गम्भीर रूप से घायल होने पर महिला को अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना से इलाके में दहशत है।पुलिस हत्यारों को पकड़ने प्रयास कर रही है।




