अंबिकापुर।।खबरी गुल्लक।।
मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में बैठे सायबर अपराधियों ने छग के अंबिकापुर की एक महिला को गूगल ब्राउजर पर अश्लील फोटो एवं वीडियो देखने का आरोप लगाकर गिरफ्तारी का भय दिखाया और उससे 4 लाख 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। गांधीनगर पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद साइबर सेल की मदद से महिला सहित तीन आरोपियों गिरफ्तार कर मामले का सनसनीखेज खुलासा कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना गांधीनगर क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2026 को स्कूल से घर लौटने के बाद उन्हें एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह गूगल ब्राउजर पर अश्लील सामग्री देखती हैं, जो दंडनीय अपराध है और इसके लिए उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।
आरोपी की बातों से भयभीत होकर पीड़िता ने उसके निर्देशानुसार अलग-अलग तिथियों में विभिन्न फोन-पे नंबरों और बैंक खातों में कुल 4 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर पीड़िता ने थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने साइबर पोर्टल और बैंक खातों की तकनीकी जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि ठगी की रकम भारतीय स्टेट बैंक, फिनो पेमेंट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य खातों में जमा कराई गई और बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर कर ऑनलाइन तथा एटीएम के माध्यम से निकाली गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गठित पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में काशीराम अहिरवार 34 वर्ष, पन्नालाल यादव 40 वर्ष तथा अभिलाषा अहिरवार 20 वर्ष शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे तथा थाना एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीआईजी व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर अपराधियों और म्यूल अकाउंट धारकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।




