उदयपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय बालक की पत्थर से सिर कुचल हत्या... हत्यारों का नहीं लगा सुराग

उदयपुर क्षेत्र में 15 वर्षीय बालक की पत्थर से सिर कुचल हत्या... हत्यारों का नहीं लगा सुराग

khabrigullak.com
By -
0

अंबिकापुर।खबरी गुल्लक 

सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सलका में रहने वाले 15 वर्षीय छात्र की हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान विरेंद्र कंवर के रूप में हुई है, जो सलका हाईस्कूल में कक्षा नौवीं का छात्र था।  जानकारी के अनुसार, विरेंद्र कंवर गुरुवार की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह खेलने जा रहा है, लेकिन देर रात तक लौटकर नहीं आया। परिजन उसकी तलाश में लगे रहे। इसी बीच शुक्रवार सुबह टिहली पर्वत क्षेत्र में योग करने पहुंचे लोगों ने जंगल में एक किशोर का शव पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना आसपास के लोगों तथा पुलिस को दी। 

सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत फैल गई। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि किशोर की बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में उसके चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया। 

पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हत्या के पीछे क्या कारण था और किन लोगों की संलिप्तता है। घटना के बाद सलका और आसपास के गांवों में मातम जैसा माहौल है। मृतक के घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण इस वारदात पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। 



एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)