अंबिकापुर।खबरी गुल्लक ।23 जुलाई 2026:
थाना गांधीनगर पुलिस की एक टीम ने रविवार को सुभाषनगर स्थित आयुषी डेली निड्स पान कॉर्नर पर रेड कर दुकान संचालक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 नग प्रतिबंधित इलेक्ट्रानिक सिगरेट (वेप) व फ्लेवर लिक्विड सहित कुल लगभग ₹52,500 मूल्य के सामग्री और ₹3,000 नकद बरामद किए। बरामद कुल सामग्री की कीमत मिलाकर लगभग ₹55,500 आंकी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक थाना गांधीनगर की टीम जुर्म-जांच हेतु बनारस रोड की ओर रवाना थी, तभी मुखबीर सूचना मिली कि आयुषी डेली निड्स के संचालक प्रांसु केसरी पिता स्व . कृष्णा कुमार केसरी 24 वर्ष, निवासी बनारस रोड, वार्ड नंबर 10, गांधीनगर, अपनी दुकान पर प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध भण्डारण व विक्रय कर रहा है। सूचना पर मौके पर छापा मारा गया और तलाशी के दौरान उक्त इलेक्ट्रानिक सिगरेट तथा नकदी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी से बरामद सामग्री के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन आरोपी कोई वैध अनुमति नहीं दे सका। लेखा-जोखा व जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इलेक्ट्रानिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम, 2019 की धारा 7 व 8 तथा कलेक्टर व जिला दण्डाधिकारी से अनुज्ञप्ति ना होने के कारण धारा 223 बी.एन.एस. के तहत अपराध अंकित कर प्रकरण संख्या 466/26 दर्ज की है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
डीआईजी तथा एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भ ने इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जिले भर के सभी शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों, प्रधानाचार्यों, संचालकों और छात्रों के अभिभावकों/संरक्षकों से अपील की है कि वे ई-सिगरेट व फ्लेवर लिक्विड की लत से युवाओं को बचाने हेतु जागरूकता अभियान तेज करें। श्री अग्रवाल ने कहा है कि ई-सिगरेट की प्रवृत्ति विशेषकर फ्लेवर वाले उत्पादों के कारण युवाओं में तेजी से फैल रही है और इससे स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक दुष्प्रभाव होने की आशंका है। उन्होंने आम जनता से भी आग्रह किया कि ऐसी किसी भी जानकारी के लिए आमनागरिक कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 या डायल 112 पर सूचनाएँ दें।
सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक भारतीय मार्कण्डेय, विवेक चंद्राकर (सहायक उप निरीक्षक) व वरदान लकड़ा सक्रिय रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई व विवेचना जारी है तथा अन्य सप्लायर्स व कारोबारियों की जानकारी हेतु पूछताछ जारी रखी जाएगी।




