बिलासपुर।। खबरी गुल्लक
कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम भाड़म में शुक्रवार की सुबह एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, पूर्व सरपंच दसन बाई और उनके दो बेटे की खेत में करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय दसन बाई, बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल 23 वर्ष व छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल 14 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दसन बाई मवेशियों को खेत में घुसने से रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी कर रही थीं। इसी दौरान खेत में बिछे तार में अचानक करंट प्रवाहित हो गया और तीनों करंट की चपेट में आ गए। मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो ड्राइवर हैं, काम से लौटकर शाम को जब घर पर पत्नी व दोनों पुत्र नहीं पाए तो उन्होंने तलाश की। अंत में खेत में पहुंचने पर तीनों के शव पड़े मिले और उन्होंने आनन-फानन में कोटा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर शनिवार को पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया।
घटना से ग्राम भाड़म में शोक की लहर है, परिजन और ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। शुरुआती जांच में मृत्यु का कारण करंट लगना माना जा रहा है, लेकिन जांच अधिकारी बताते हैं कि जीआई तार में करंट किस प्रकार प्रवाहित हुआ यह स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने कहा है कि संभावित कारणों में किसी विद्युत तार के संपर्क में आना या अन्य तकनीकी खराबी शामिल हो सकती है। फोरेंसिक रिपोर्ट और विद्युत विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह का खुलासा होगा। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।




