अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक ।। 4 जुलाई 2026 ।। छत्तीसगढ़ राज्य बार काउंसिल के कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने मुख्यमंत्री को लिखित आवेदन देकर सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में राजस्व मंडल की खंडपीठ स्थापित किए जाने की मांग की। वर्तमान में राज्य का प्रधान राजस्व मंडल बिलासपुर में स्थित है तथा खंडपीठें रायपुर और जगदलपुर में संचालित हैं, जिसके कारण सरगुजा संभाग के नागरिकों, वादकारियों और अधिवक्ताओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में बताया गया है कि सरगुजा संभाग में लगभग 5000 प्रकरण राजस्व मंडल, बिलासपुर में लंबित हैं। संभाग में छह जिले सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और जशपुर आते हैं, जो ज्यादातर अनुसूचित जनजाति बहुल और दूरस्थ इलाके हैं। इन जिलों के निवासियों को राजस्व संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए सैकड़ों किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय, धन और श्रम की भारी हानि होती है।
बार काउंसिल के अध्यक्ष ने आवेदन में कहा है कि अंबिकापुर में खंडपीठ स्थापित होने से लाखों जनता को त्वरित और सुलभ न्याय मिलेगा, न्यायिक प्रक्रियाएँ प्रभावी बनेंगी और आदिवासी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक व भौगोलिक कठिनाइयों से मुक्ति मिलेगी। आवेदन ने इसे न्याय तक समान पहुंच और जनहित का मामला करार दिया है।
अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि सरगुजा संभाग के नागरिकों, अधिवक्ताओं और जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक निर्णय लेकर यथाशीघ्र कार्रवाई की जाए।




