अगरतला।।खबरी गुल्लक।
त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ का सोमवार को पुलिस मुख्यालय स्थित उनके आधिकारिक कक्ष के शौचालय में फंदे से लटका हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी उन्हें तुरंत जीबीपी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। खबर पर मुख्यमंत्री तत्काल मुख्य सचिव, गृह सचिव सहित अन्य अधिकारियों के साथ पीएचक्यू पहुंचे। सीएम श्री साहा ने सोशल मीडिया फेसबुक पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि मैं त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ के दुखद निधन से बेहद स्तब्ध और दुखी हूं। उनका शव आज आधिकारिक कक्ष के शौचालय में फंदे से लटका हुआ मिला। इस अत्यंत दुख की घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
त्रिपुरा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जितेंद्र चौधरी ने इस घटना के प्रति शोक व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच के लिए त्रिपुरा उच्च न्यायालय की निगरानी में विशेष जांच दल गठित करने की मांग की। श्री चौधरी ने एक रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि डीजीपी कई कारणों से दबाव में थे। हम मांग करते हैं। यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।




