अम्बिकापुर।खबरी गुल्लक।
थाना कोतवाली पुलिस ने एक संगठित आपराधिक षड्यंत्र का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर मृतक की पहचान गढ़कर कूटरचित पहचान-पत्र एवं विक्रय विलेख बनवाकर घोटाला करने का आरोप है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों की भी शीघ्र गिरफ़्तारी किये जाने का दावा पुलिस ने किया है।
शिकायतकर्ता वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे की लिखित शिकायत के आधार पर की गई जांच में पाया गया कि घुटरापारा, अम्बिकापुर (मौजा मायापुर, पटवारी हल्का नं. 14) की खसरा संख्या 356.2 (रकबा 0.065 हेक्टेयर) भूमि पर धोखाधड़ी हुई है। भूमि रजिस्ट्री रिकॉर्ड के अनुसार मूल स्वामी मोहरसाय (पिता भोला रजवार) की मृत्यु वर्ष 1962 में दर्ज है। जांच में प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि मृतक मोहरसाय राजवाड़े के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसकी झूठी पहचान करवाई गयी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दिनांक 25.09.2025 को प्रथम विक्रय विलेख संपादित कराया गया। विक्रय विलेख में रामनिवास गुप्ता तथा एक महिला आरोपी को क्रेता दर्शाया गया है। रजिस्ट्री के समय पहचान पत्र के रूप में प्रस्तुत किए गए आधार कार्ड में छेड़छाड़ कर मोहरसाय राजवाड़े का नाम अंकित किया गया था। उसी फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर पंजीयन कार्यालय में व्यक्ति ने मृतक का प्रतिरूपण कर के विक्रय विलेख निष्पादित कराया गया।
30 लाख में बेचा जमीन
प्रथम दृष्टया प्रकरण से यह भी पता चला कि बंटी पटेल उर्फ वर्षित पटेल ने उक्त जमीन का सौदा कराया तथा भूमि को बाद में लगभग ₹30,00,000 में मोहम्मद नियाजुल होदा, गुलाम सरवर एवं विशाल गुप्ता को दिनांक 18.03.2026 को विक्रय कर दिया गया। प्राप्त राशि में से कुछ रकम रामनिवास गुप्ता व आरोपी महिला को दी गयी और शेष राशि बंटी/वर्षित पटेल ने प्राप्त की। रजिस्ट्री में दिखाए जाने हेतु अंकित चेक नंबर व चेकबुक भी जांच में जप्त किए गए हैं।
जांच के दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने कथन और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्राथमिक साक्ष्य प्राप्त कर अपराध दर्ज कर विवेचना आरंभ की। अपराध क्रमांक 541/26 के तहत भारतीय दण्ड संहिता, 2023 की धारा 61(2), 318(4), 336(3), 338, 340(2) के प्रावधानों में मामला दर्ज किया गया है। विवेचना टीम ने मुख्य आरोपी (1) रामनिवास गुप्ता उर्फ बोखा (पिता स्व. मिश्री लाल गुप्ता, उम्र 41 वर्ष, निवासी महामाया मन्दिर के पास, नवागढ़) व अन्य 02 महिला आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तारियों के बाद उनसे रजिस्ट्री में प्रयुक्त चेक, चेकबुक व रियल कंपनी का मोबाइल जप्त किया गया है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वयं कुछ आरोप स्वीकार किए हैं। प्रकरण में अन्य आरोपियों की गिरफ़्तारी शेष है, पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




