अंबिकापुर। खबरी गुल्लक। 21 अगस्त 2026
राष्ट्रीय सेवा योजना और छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त तत्वावधान में सरगुजा संभाग स्तरीय रेड रन मैराथन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन पीजी. कॉलेज खेल मैदान अंबिकापुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समन्वय सरस्वती शिक्षा महाविद्यालय सुभाषनगर के नेतृत्व में किया गया, जबकि कार्यक्रम का मार्गदर्शन राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. नीता बाजपेयी ने प्रदान किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि राज्य एड्स नियंत्रण समिति की संयुक्त निदेशिका डॉ. सृष्टि भाग्यश्री वर्मा रहे। कार्यक्रम समन्वयक रासेयों संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा से डॉ. एसएन पाण्डेय, जिला चिकित्सालय से डॉ. सरगोश यादव, तथा अन्य प्रमुख अतिथि खेमकरण अहिरवाल, दीवान सर, शुभम गुप्ता, जॉन पीटर टोप्पो, राहुल नीरज, अशोक एक्का और धीरज कुमार मिश्रा उपस्थित रहे।
संभाग स्तरीय रेड रन का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नियमित व्यायाम की आदत विकसित करना और नशीले पदार्थों से दूर रहने की भावना पैदा करना था। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने स्वस्थ युवा स्वस्थ समाज नशे से दूर रहें और एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूक रहें जैसे संदेशों के साथ निर्धारित मार्ग पर दौड़ लगाई। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न महाविद्यालयों और संस्थानों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक और बालिका वर्ग में अलग-अलग दौड़ करवाई गई। बालिका वर्ग में प्रथम स्थान पूर्णिमा मांझी, द्वितीय स्थान जवारो, तृतीय स्थान इंदुमति नायक, चतुर्थ स्थान वर्षा कुजूर और पंचम स्थान बिन्दु यादव ने प्राप्त किया। बालक वर्ग में प्रथम स्थान मनीष विश्वास, द्वितीय स्थान हरि ओमप्रकाश राजवाड़े, तृतीय स्थान कर्मा सन्याशी, चतुर्थ स्थान तेज सिंह और पंचम स्थान आशीष बड़ा रहे। कई अन्य प्रतिभागियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी दिखाई।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों और आयोजकों ने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर ज़ोर दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का समापन आयोजकों द्वारा प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद व्यक्त कर किया गया।




