अंबिकापुर। खबरी गुल्लक।31 जुलाई 2026।
अनामिका वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित सियानगुड़ी डे-केयर सेंटर में स्वर सम्राट मोहम्मद रफी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि व सांगीतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन संस्था सहयोगी जानकी सिंह के तत्वावधान एवं मार्गदर्शन में किया गया। सियानगुड़ी के वरिष्ठ सदस्य श्याम सुंदर शर्मा ने रफी के सदाबहार गीतों की मधुर व भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित लोगों ने रफी के भारतीय संगीत जगत में अतुलनीय योगदान को याद करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सियानगुड़ी के वरिष्ठ सदस्य अनंत राम कोस्टा, रमेश चंद्र, रमेश दत्त मिश्रा, के. के. सिंह, सुशील श्रीवास्तव, चंद्रपाल सिंह, विजय शंकर सिंह, रामप्रवेश यादव, नर्मद सिंह, भोलाप्रसाद गुप्ता और लक्ष्मण देव सिंह सहित अन्य वरिष्ठजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्था के संगीत शिक्षक विकास रजक एवं कर्मचारी दुजेष्वरी पैकरा, सुदित कुषवाहा, विकास सिंह और कुष कुमार सिंह का सराहनीय सहयोग रहा। संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना और संगीत के माध्यम से आनंद, आत्मीयता व सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना बताया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी ने रफी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके अमर गीतों को प्रेरणादायक बताते हुए श्रद्धा व्यक्त की।




