कार्मेल स्कूल अंबिकापुर में सुरक्षित बचपन अभियान: बच्चों को साइबर सुरक्षा और इंटनेट के सदुपयोग की मिली जानकारी

कार्मेल स्कूल अंबिकापुर में सुरक्षित बचपन अभियान: बच्चों को साइबर सुरक्षा और इंटनेट के सदुपयोग की मिली जानकारी

khabrigullak.com
By -
0

 

अंबिकापुर। खबरी गुल्लक। 27 अक्टूबर 2026। कार्मेल स्कूल, अंबिकापुर के प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति सीतापुर के तत्वावधान में सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि  अरिंदम नरेल द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ खंड अंबिकापुर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों, पॉक्सो  अधिनियम के प्रावधानों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण  के माध्यम से उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान श अशोक यादव एवं  विक्की गुप्ता ने साइबर सुरक्षा विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों तथा इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जागरूक किया। साथ ही, साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा अभिव्यक्ति-वुमेन  ऐप के बारे में जानकारी दी।

         महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से उपस्थित श्रीमती लीना एवं श्रीमती आशनत ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 181 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया। विकास सिंह, पीएलवी  कोऑर्डिनेटर ने बच्चों के कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा राष्ट्रीय, राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों   की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विधिक सेवा संस्थाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक न्याय और कानूनी सहायता पहुँचाना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सभी वक्ताओं की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर रोशनी ने मुख्य अतिथि को पौधा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और वक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का समापन बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और न्याय के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए प्रेरणादायक नारे के साथ किया गया।


“प्रत्येक बच्चे को न्याय का अधिकार है, केवल उसके आश्वासन का नहीं।”


यह जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, कानूनी संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)