रायगढ़।खबरी गुल्लक
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम छापर पानी में एक महिला और उसकी 10 माह की बच्ची की हत्या कर दिए जाने से सनसनी फैल गई। इस खौफनाक घटना की जानकारी पुलिस को दो दिनों बाद मिली। पुलिस ने हत्या का जुर्म पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है मगर अभी तक हत्या की गुत्थी नहीं सुलझ पाई है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि बरत कुमारी 35 वर्ष की शादी करीब पांच साल पूर्व हुई थी। पति की मृत्यु के बाद उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी, जिसके कारण वह मायके में रह रही थी। वह गांव में इधर- उधर घूमती रहती थी। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ समय से वह गांव के प्रहलाद बेहरा के खेत में लगे ट्यूबवेल घर में रहने लगी थी। 16 जुलाई को छापरपानी निवासी बुधियारो नागवंशी जब चावल लेकर ग्राम सुकवांस से घर लौट रही थी, तभी गांव के ननकूराम ने उसे जानकारी दिया कि किसी ने बरत कुमारी के सिर और चेहरे को कुचल हत्या कर दिया है। वहीं उसके पास सो रही उसकी 10 माह की बेटी परी भी मृत पड़ी हुई है। मासूम के चेहरे पर भी गहरा जख्म था। बुधियारो ने इसकी सूचना लैलूंगा थाने में दी। पुलिस ने प्रथम दृश्यता में ही अज्ञात आरोपी के विरुद्ध धारा 103 (1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर लिया था।ग्रामीणों द्वारा अनाचार के बाद हत्या की संभावना जताई जा रही है,हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह रायगढ़ ने बताया कि लैलूंगा की घटना में पुलिस टीम हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




