अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक।21 जुलाई 2026।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के लिए यह अत्यंत गौरव एवं हर्ष का विषय है कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा द्वारा गठित 15 सदस्यीय राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति में सरगुजा जिले के चार प्रतिनिधियो आजीवन सदस्य को महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किए गए हैं। इनमें श्रीमती आकांक्षा श्रीवास्तव को वाइस चेयरमैन तथा श्रीमती अंजुला गौतम मिश्रा, श्रीमती संध्या सिंह एवं आर्यन सिन्हा को राज्य स्तरीय सदस्य के रूप में नामित किया गया है। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह है कि सरगुजा से तीन महिला प्रतिनिधियों को राज्य स्तरीय समिति में स्थान मिला है, जो जिले के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
यह उपलब्धि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के चेयरमैन अदितेश्वर शरण सिंह देव के नेतृत्व में विगत कई वर्षों से संचालित रक्तदान महादान – अंगदान जीवनदान जनजागरूकता अभियान, संगठन की सक्रिय कार्यशैली तथा समर्पित स्वयंसेवकों के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है। जिला शाखा द्वारा रक्तदान के साथ-साथ नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान जैसे मानवीय विषयों पर समाज में जागरूकता लाने तथा इन विषयों को शासन स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का निरंतर प्रयास किया जाता रहा है।
रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ऑर्गन डोनेशन समिति की प्रथम बैठक में इन विषयों को सरगुजा के प्रतिनिधियों द्वारा प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जिस पर विस्तृत विचार-विमर्श उपरांत समिति ने सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए। बैठक उपरांत भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के चेयरमैन श्री तोमन साहू के नेतृत्व में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम श्री रमेन डेका, राज्यपाल, छत्तीसगढ़ एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, छत्तीसगढ़ राज्य शाखा से लोक भवन रायपुर में शिष्टाचार भेंट कर मांग-पत्र सौंपा।
मांग-पत्र में विशेष रूप से अंगदान एवं देहदान करने वाले व्यक्तियों को पड़ोसी राज्यों मध्यप्रदेश एवं ओडिशा की भाँति मरणोपरांत "गार्ड ऑफ ऑनर" प्रदान किए जाने, विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त) के अवसर पर अंगदान करने वाले व्यक्तियों के परिजनों, पंजीकृत प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांट) संस्थानों के निदेशकों, चिकित्सकों एवं ट्रांसप्लांट को-ऑर्डिनेटर्स का राज्य स्तरीय सम्मान आयोजित किए जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव सम्मिलित थे।
राज्यपाल ने समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए प्रस्तावों पर सकारात्मक मार्गदर्शन प्रदान किया तथा आवश्यक शासन स्तरीय कार्यवाही हेतु उन्हें अग्रेषित किए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने विश्व अंगदान दिवस (13 अगस्त) के अवसर पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर समाज में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के प्रति व्यापक जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा का मानना है कि जिन जनहितकारी विषयों को जिला शाखा वर्षों से निरंतर शासन के समक्ष उठाती रही, उन्हीं विषयों का राज्य स्तरीय समिति द्वारा सर्वसम्मति से अनुमोदन एवं महामहिम राज्यपाल के समक्ष प्रस्तुतीकरण सरगुजा के सतत सेवा, समर्पण एवं रचनात्मक प्रयासों के प्रति व्यक्त विश्वास का प्रतीक है। इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा सरगुजा के चेयरमैन श्री अदितेश्वर शरण सिंह देव ने राज्य स्तरीय समिति में मनोनीत सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल चार सदस्यों का नहीं, बल्कि सरगुजा जिले के संपूर्ण रेड क्रॉस परिवार, स्वयंसेवकों, रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों की वर्षों की निष्ठा, सेवा और समर्पण का सम्मान है। हमें पूर्ण विश्वास है कि राज्य स्तरीय समिति छत्तीसगढ़ में नेत्रदान, अंगदान एवं देहदान के क्षेत्र में नई चेतना का संचार करेगी तथा मानव सेवा के इस महाअभियान को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगी।




