भिलाईनगर। खबरी गुल्लक।
तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के बहाने एक महिला को विश्वास में लेकर लगभग 85 लाख रुपये की ठगी किए जाने का चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। भिलाईनगर पुलिस ने इंदौर से आरोपी पवन बधोरिया को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने मीडिया को बताया कि शिकायतकर्ता ने वर्ष 2023 में रायपुर में आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से पहली बार संपर्क किया था। आरोपी ने घरेलू परेशानियों के समाधान और आर्थिक समृद्धि के लिए पूजा- पाठ तथा निवेश के रूप में पैसे लेने का बहाना बनाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि बातचीत के दौरान उसने अपने पारिवारिक समस्याओं का जिक्र किया, जिस पर आरोपी ने तंत्र- मंत्र और गुप्त पूजा के जरिये समस्या दूर करने का दावा किया।आरोपी ने समय-समय पर विभिन्न बहानों से महिला को डराया भी, कभी जिन्न या प्रेत बाधा का हवाला दिया गया तो कभी पति के एक्सीडेंट की भविष्यवाणी कर डराया गया।
शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा का दिया लालच
पुलिस ने बताया कि आगे चलकर आरोपी पवन बधोरिया ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर भी बड़े पैमाने पर निवेश करवाया।महिला को विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने पूजा-पाठ, अपने निजी खर्च और निवेश के नाम पर अलग-अलग किस्तों में लगभग 85,00,000 रुपये प्राप्त किए। जब पीड़िता ने धन वापस माँगना शुरू किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर इसे ठुकरा दिया।
इंदौर में छिपा था आरोपी
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद थाना भिलाई नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में आरोपी के कई ठिकानों और लेन-देन के सबूत सामने आए। ट्रांजेक्शन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टीम ने इंदौर में छिपे पवन बधोरिया का पता लगाकर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी के पास से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और मोबाइल रिकॉर्ड बरामद किए गए हैं, जिन्हें साक्ष्य के रूप में संलग्न किया गया है।
Ssp ने की यह अपील
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा ने बताया हमने शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना जारी है और आरोपित के अन्य साथियों की पहचान के लिए भी पूछताछ की जा रही है।उन्होंने पीड़िता को सुरक्षा और वैधानिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही और लोगों से आगाह किया कि तंत्र-मंत्र या अलौकिक शक्ति के लालच में बड़ी रकम न दें।




