संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज सरगुजा ने नौगई कोरिया हत्याकांड की निष्पक्ष जांच एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग, आईजी को सौंपा ज्ञापन

संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज सरगुजा ने नौगई कोरिया हत्याकांड की निष्पक्ष जांच एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की मांग, आईजी को सौंपा ज्ञापन

khabrigullak.com
By -
0

 


अंबिकापुर।। खबरी गुल्लक 

सरगुजा संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने कोरिया जिले के ग्राम नौगई में घटित दुखद एवं हृदयविदारक घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा संभाग को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं बिना किसी बाहरी दबाव के जांच कराने की मांग की है। समाज ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती हैं। इसलिए आवश्यक है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास बना रहे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में मांग की गई है कि जांच प्रक्रिया में किसी भी सामाजिक, राजनीतिक अथवा अन्य संगठन का अनावश्यक हस्तक्षेप न होने दिया जाए तथा जांच अधिकारियों पर किसी भी प्रकार का बाहरी दबाव न बनाया जाए। साथ ही, कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यकता अनुसार जनसभाओं, रैलियों एवं भीड़ एकत्रित करने वाले कार्यक्रमों पर नियंत्रण रखा जाए।

संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने यह भी मांग की कि जांच के दौरान संबंधित परिवारों, विशेषकर महिलाओं एवं बच्चों को बिना उचित कारण अनावश्यक पूछताछ का हिस्सा न बनाया जाए तथा जिन व्यक्तियों का घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से थाने में बैठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित न किया जाए। समाज ने सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भड़काऊ, उत्तेजक एवं समाज में वैमनस्य फैलाने वाले वक्तव्य देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।

संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने के लिए दिए गए आदेश का स्वागत किया है। समाज का मानना है कि सीबीआई जैसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा की जाने वाली जांच से पूरे प्रकरण के सभी तथ्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सामने आएंगे तथा वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी, वहीं निर्दोष व्यक्तियों को न्याय मिलेगा।

संभागीय सर्व ब्राह्मण समाज ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन एवं जांच एजेंसियां पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करेंगी तथा निर्दोष व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक प्रताड़ना से संरक्षण प्रदान करेंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)