अंबिकापुर।खबरी गुल्लक
शहर के बौरीपारा महादेव गली में वर्षों से परेशान कर रही जल निकासी समस्या का स्थायी समाधान अब शीघ्र समाप्त होगा।जिससे मोहल्लेवासियों में हर्ष है। वार्ड पार्षद व एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी अज्जु अपनी सक्रिय भूमिका के साथ मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने निर्माण स्थल का स्वयं अवलोकन कर कार्य की गुणवत्ता और शीघ्रता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। पार्षद जितेंद्र सोनी अज्जु के नेतृत्व में जेसीबी द्वारा बौरी तालाब के बहाव क्षेत्र की सफाई करायी गई और नाले की अविलंब खुदाई की कार्यवाही शुरू करायी गई। मोहल्लेवासियों ने बताया कि बौरीबांध के बहाव के कारण यहां के लोग लंबे समय से जलभराव, कीचड़ और आवागमन में दिक्कतों का सामना कर रहे थे, अब नाले और पुलिया के निर्माण से इन समस्याओं का स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी ने कहा कि वार्डवासियों की मांग पर महापौर मंजूषा भगत और सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा गया था, अंबिकापुर विधायक व कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल पर नाला निर्माण की स्वीकृति मिली। उन्होंने बताया कि बहाव क्षेत्र में नाले का निर्माण शुरू किया गया है। आवासीय इलाके में नाले के ऊपर ढलाई कर पुलिया बनायी जाएगी, ताकि आवश्यक समय पर एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों का आवागमन सुनिश्चित रहे।
शुक्रवार को पार्षद व एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी अज्जु जेसीबी वाहन के साथ मौके पर पहुंचकर नाले की सफाई कराते हुए फ्रीक्वेंसी बढ़ाने और काम की शीघ्रता पर जोर दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि नाले और पुलिया का निर्माण जल्द ही पूर्ण कराया जाएगा, जिससे बौरीपारा के निवासियों को स्थायी राहत मिलेगी। मोहल्लेवासियों ने पार्षद जितेंद्र सोनी अज्जु के त्वरित कार्रवाई और समस्या के स्थायी निदान के लिए प्रयासों की सराहना की और शीघ्र निर्माण कार्य पूरा करने का आग्रह किया।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने दिया सिर्फ आश्वासन
बौरीपारा महादेव गली के रहवासियों ने कहा कि वे वर्षों से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे थे। नगर निगम की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार से 5 साल तक सिर्फ आश्वासन मिला, जब भी नाला की मांग की जाती तो निगम के जनप्रतिनिधि शासन को प्रस्ताव भेजने की जानकारी देते हुए पल्ला झाड़ लेते, राज्य में भी कांग्रेस की सरकार थी,इसके बाद भी नाला के लिए न तो राशि ला पाए और न ही समस्या से कांग्रेसजन मुक्ति दिला पाए।मोहल्ले वालों ने कहा कि निगम की मौजूदा भाजपा सरकार ने महज 2 साल के कार्यकाल में ही उनकी जल निकासी की समस्या दूर करने पहल किया। पार्षद जितेंद्र सोनी अज्जु ने वार्ड भ्रमण कर समस्या की जानकारी ली और महापौर ,सभापति ,कैबिनेट मंत्री के संयुक्त प्रयास से न सिर्फ राशि की मंजूरी मिली बल्कि निर्माण भी शुरू हो गया है।




