अंबिकापुर। खबरी गुल्लक
संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित स्व. कलावती देवी स्मृति अखिल भारतीय मैराथन प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहभागी बने प्रशासन के प्रति आयोजक और वरिष्ठ ठेकेदार प्रकाशचंद्र राय के द्वारा आभार व्यक्त किया गया। स्व. श्रीमती कलावती देवी जी के सुपुत्र प्रकाश चंद्र राय के द्वारा सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत, डीआईजी और एसएसपी राजेश अग्रवाल, एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो और जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार झा को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। इस दौरान सरगुजा कलेक्टर और एसएसपी राजेश अग्रवाल के द्वारा आयोजन की सराहना भी की गई। उन्होंने कहा कि देश भर के धावकों ने प्रतियोगिता में बढ़चढ़ कर भाग लिया। यह शहर के लिए भी एक उपलब्धि है।
विदित हो कि प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग में 2500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। ग्यारह किलो मीटर मैराथन में दोनों वर्ग में बनारस के धावकों ने बाजी मारी थी। पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर आकाश पटेल बनारस और द्वितीय स्थान गणेश कुमार मिर्जापुर, तृतीय स्थान पंकज पटेल रीवा ने हासिल किया था। जिन्हें क्रमशः 51 हजार रुपए, 21 हजार रुपए और 11 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया था, वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान सोनी देवी बनारस, द्वितीय स्थान नीता सलामे राजनांदगांव, तृतीय स्थान प्रीति चौहान भोपाल ने प्राप्त किया था। जिन्हें क्रमशः 31000 रुपए, 21000 और 15 हजार रुपए का पुरस्कार दिया था। आयोजन की शहर वासियों के द्वारा भी सराहना की गई थी।








