अंबिकापुर। खबरी गुल्लक।
अंबिकापुर– दिल्ली साप्ताहिक ट्रेन का परिचालन सप्ताह में दो दिन किए जाने की घोषणा के बाद इसकी बढ़ी हुई आवृत्ति के अनुरूप संचालन जल्द प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के सदस्य मुकेश तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को पत्र प्रेषित किया है। उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2026 को ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्वि साप्ताहिक चलाने की स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृति के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर से मंगलवार और गुरुवार तथा ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन से रविवार और मंगलवार को चलनी है।
स्वीकृति जारी हुए लगभग एक माह हो गया है, लेकिन अभी तक संचालन शुरू होने की तिथि घोषित नहीं की गई है। इससे यात्रियों में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।श्री तिवारी ने कहा कि इस ट्रेन की बढ़ी हुई आवृत्ति से सरगुजा संभाग, उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों और आम यात्रियों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि कोच, क्रू, इंजन लिंक और अन्य सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी कर द्विसाप्ताहिक संचालन की तिथि तत्काल घोषित की जाए तथा नियमित संचालन जल्द शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के बाद भी संचालन में हो रहा अनावश्यक विलंब यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। इसलिए उन्होंने रेल मंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर इस स्वीकृति का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।




