सूरजपुर में नये पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने संभाला दायित्व, कानून-व्यवस्था व सड़क सुरक्षा पर दिए निर्देश

सूरजपुर में नये पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने संभाला दायित्व, कानून-व्यवस्था व सड़क सुरक्षा पर दिए निर्देश

khabrigullak.com
By -
0

सूरजपुर।खबरी गुल्लक।17 जुलाई 2026 

सूरजपुर जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक  योगेश कुमार पटेल आज ने शुक्रवार को जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों तथा जिले के पुलिस कार्यालय शाखा प्रभारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर भविष्य के कार्य-प्रणाली और प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। परिचयात्मक बैठक में उपस्थित वरिष्ठ अफसरों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, डीएसपी अजाक रीता नीलम कुजूर के साथ सभी थाना चौकी प्रभारी व शाखा प्रभारियों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों ने अपनी-अपनी कार्य-क्षेत्र तथा वर्तमान चुनौतियों के बारे में अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल 2018 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं। इससे पहले वे जिला अम्बिकापुर, जिला गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही व जिला बालोद में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहकर सेवाएँ दे चुके हैं। उन्होंने अपने अनुभवों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता का विश्वास और कानून-व्यवस्था की स्थिति उनकी प्राथमिकता रहेगी।

 पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हरसंभव कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात प्रबंधन में सक्रियता दिखनी चाहिए और दुर्घटनाओं को घटाने हेतु ठोस योजना बनायी जाए। मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्गों व अन्य मार्गों पर ब्रेकडाउन ट्रक व अन्य भारी वाहन लंबे समय तक खड़े न हों, इसके लिए ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन मालिकों की बैठकें बुलाकर समन्वय स्थापित किया जाए। जिले में बढ़ती घटनाओं पर पूर्णतः अंकुश लगाने और पुराने अनसुलझे मामलों की गंभीरतापूर्वक पुनः जांच कर निष्पक्षता के साथ मामलों का समाधान निकालने के निर्देश दिए गए। पीड़ितों व फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों का पुलिस पर भरोसा मजबूत बने। उन्होंने स्थानीय राजनीतिक, सामाजिक तथा भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चुनौतियों का सामना करने के लिए समन्वित रणनीति अपनाने को कहा।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वे शीघ्र ही जिले के समस्त थानों का औचक निरीक्षण शुरू करेंगे और जरूरत के अनुसार संसाधन व पदस्थापन पर पुनर्विचार किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना-चौकी प्रभारी व शाखा प्रभारी से जनता के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता व प्रोफेशनलिज्म बनाए रखने का आग्रह भी किया।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)