बहराइच। मुरौवा। (खबरी गुल्लक)
घाघरा सरयू नदी के किनारे रविवार की दोपहर को एक भयावह घटना में 12 वर्षीय बालक सुनील सिंह की जान चला गई, जब एक मगरमच्छ ने उसे जिंदा निगल लिया। घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अनाथ बालक सुनील नदी किनारे खेल रहा था तभी अचानक एक बड़ा मगरमच्छ उस पर हमला कर दिया। पास ही मौजूद सुनील के चाचा विजय राज सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालते हुए लगभग सात मिनट तक मगरमच्छ से लड़ाई की और बच्चे को बचाने का प्रयास किया लेकिन पानी के राजा के आगे वे हार गए। सुनील को बचाया नहीं जा सका। मगरमच्छ उसे निगल गया।
चाचा ने पुलिस और ग्रामीणों ने बताया कि सुनील पहले से ही अनाथ थे, उसकी मां सात साल पहले और पिता पांच साल पहले गुजर चुके थे। इन दोनों की मौत के बाद उनका पालन-पोषण चाचा विजय राज सिंह कर रहे थे। अब परिवार में सुनील की 14 वर्षीय बहन सुमन, 10 वर्षीय भाई संजय और 7 वर्षीय छोटी बहन सीमा बचे हैं। परिवार पहले से ही बेहद गरीब है और अब जीवनयापन का कोई ज़रिया नहीं बचा है। ग्रामीण तथा गांव के सामाजिक कार्यकर्ता अब बच्चों की मदद के लिए चंदा इकट्ठा कर रहे हैं। पंचायत और स्थानीय प्रशासन से बचाव व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग उठी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों। आसपास के ग्रामीणों ने भी बताया कि पिछले कुछ समय से नदी में मगरमच्छों की उपस्थिति बढ़ी है, जिससे नहाने और पानी लेने वालों की मुश्किलें बढ़ी हैं।




