अंबिकापुर। खबरी गुल्लक।16 जुलाई 2026
धनबाद के बैंकमोड़ थाना द्वारा तैनात उप निरीक्षक अभय कुमार की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली, अम्बिकापुर पुलिस टीम ने उन दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन पर धनबाद पुलिस की वैध अभिरक्षा से गैंगस्टर शब्बीर आलम को छुड़ाने का आरोप है। घटना 29 जून 2026 को हबीब नगर मोमिनपुरा अंबिकापुर में हुई थी। मामले में अन्य सहयोगी आरोपी आज भी फरार बताये जा रहे हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए तलाशी जारी है।
प्रार्थी उप निरीक्षक अभय कुमार थाना प्रभारी बरोरा, धनबाद को सूचना मिली कि धनबाद के वारंट-तामीली अभियुक्त शब्बीर आलम अंबिकापुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में छिपा हुआ है। पकड़ के लिए 29 जून2026 को सुबह लगभग 8 बजे धनबाद पुलिस की टीम मोमिनपुरा पहुंची।
पुलिस ने मोमिनपुरा मस्जिद के पास स्कूटी से आते एक व्यक्ति को रोका, जिसने अपना नाम शब्बीर आलम बताया। गिरफ्तारी की प्रारम्भिक वैधानिक प्रक्रियाएँ चल रही थीं कि आसपास उपस्थित लोगों में से कुछ ने हस्तक्षेप कर मामला अशांत कर दिया। उसी दौरान जूनैद खान, मोहम्मद जाहिद खान और अन्य लोगों ने सामूहिक रूप से बल प्रयोग कर न्यायालय के वारंटी गैंगस्टर शब्बीर आलम को धनबाद पुलिस की वैध अभिरक्षा से छुड़ा लिया, जिसके बाद अभियुक्त मौके से फरार हो गया। अन्य अज्ञात व्यक्ति भी भीड़ के साथ वहां से भाग निकले।
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 438/26 दर्ज किया गया है, जिसमें धारा 221, 132, 126(2), 296(बी), 351(3), 263(ई), 352 तथा 3(5) बी. एन. एस. के तहत मामला पंजीबद्ध करके विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान वीडियो कॉल व व्हाट्सएप के माध्यम से आरोपियों की पहचान हुई।
आरोपी जूनैद खान पिता मोहम्मद जाहिद खान उम्र 30 वर्ष निवासी नया बस्ती हबीबनगर, थाना-अम्बिकापुर, जिला-सरगुजा , मोहम्मद जाहिद खान पिता मोहम्मद अयुब खान 59 वर्ष निवासी नया बस्ती हबीबनगर, थाना-अम्बिकापुर, जिला-सरगुजा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पूछताछ में उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत के समक्ष पेश किया गया है।
मामले में शामिल अन्य आरोपी घटना के समय से फरार हैं; उनकी पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और शीघ्र गिरफ्तारी की आशा जतायी जा रही है। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा ने बताया कि मामले की सावधानीपूर्वक जांच की जा रही है और जिन भी लोगों के विरुद्ध साक्ष्य प्राप्त होते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय सहित अन्य पुलिस कर्मी सक्रिय रहे।




