अम्बिकापुर।। खबरी गुल्लक।।16 जुलाई
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन छत्तीसगढ़ प्रान्त की सरगुजा इकाई द्वारा बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक छाता वितरण तथा वृहद पौधरोपण महाअभियान का शुभारंभ गुरुवार 16 जुलाई को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामपुर के प्रांगण में किया गया। यह अभियान सरगुजा जिले में निरंतर संचालित किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष रामावतार अग्रवाल, संरक्षक अजय अग्रवाल और कृष्ण कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविन्द सिंघानिया, प्रदेश उपमहामंत्री विकास अग्रवाल के निर्देशन में पूरे जिले में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आज उद्घाटन समारोह का आयोजन सरगुजा जिला अध्यक्ष अजीत अग्रवाल व महामंत्री कृष्ण गर्ग के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे शुरू हुआ और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के समस्त सदस्यों ने विद्यालय के 325 छात्र-छात्राओं को छाता और मिष्ठान वितरित किए। इसके साथ ही स्कूल परिसर में व्यापक पौध रोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से चुने हुए स्थानों पर कई पौधे लगाए गए। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि लगाए गए वृक्ष भविष्य में फल और ठंडी छाया प्रदान करेंगे तथा स्वस्थ वातावरण का निर्माण कर बच्चों व ग्रामीणों को दीर्घकालिक लाभ पहुँचाएंगे। आयोजकों ने बताया कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं बल्कि समूचे जिले में निरंतर जारी रखा जाएगा और आगामी दिनों में भी विभिन्न स्कूलों तथा ग्रामीण इलाकों में छाता वितरण, वृक्षारोपण व अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के सफल समापन पर आयोजक व अतिथियों ने मिलकर सामाजिक सेवा व पर्यावरण संरक्षण के लिए स्थायी प्रतिबद्धता जताई।
अतिथियों ने कहा ..
अजय अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं का उज्जवल भविष्य कामना करते हुए उन्हें बधाई दी और समाज सेवा के प्रति प्रेरित किया। प्रदेश उपमहामंत्री विकास अग्रवाल ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के उद्देश्यों व मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों, विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण जनों को सतत् सेवा के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय की मांग पर शीघ्र सहायता
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य अमरदीप गुप्ता ने बच्चों के स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था हेतु वॉटर कूलर की मांग रखी। इस मांग को देखते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष श्री हरविंद अग्रवाल जय दुर्गा परिवार, लखनपुर ने तत्काल वॉटर कूलर देने का वादा किया जिससे विद्यालय के बच्चों को स्वच्छ जल मिलेगा।
कार्यक्रम में यह बने सहभागी
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण अग्रवाल, हरविंद अग्रवाल, प्रदेश संगठन मंत्री मुकेश अग्रवाल, प्रदेश मंत्री जीडी अग्रवाल, श्री निवास केडिया, सुनील अग्रवाल लखनपुर, सुनील अग्रवाल सुनील ऑटो, अमित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, दिनेश गोयल, प्रदीप सिंघल तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से रंजना सिंह, चंदा श्रीवास्तव, सोनिया सिन्हा, योगेन्द्र चौबे, रितेश तिवारी, नम्रता गुप्ता, विजय त्रिपाठी, अर्जुन बंजारे, के के सिंह, अनीता कुजूर, अंस्तासियुश कुजूर, ललित मोहन, राजमणि मिश्रा, दुर्गानंद गोंजे, प्रभु राम सहित समस्त छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजन ने कार्यक्रम में सक्रिय रूप से सहयोग दिया। मंच संचालन विद्यालय के व्याख्याता राम लखन यादव द्वारा किया गया।
प्राचार्य ने जताया आभार
विद्यालय के प्राचार्य अमरदीप गुप्ता ने अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा किए जा रहे समाज सेवी कार्यों की सराहना की तथा सभी अतिथियों, सदस्यों व स्थानीय सहयोगियों को धन्यवाद प्रकट किया। छात्र-छात्राओं ने भी अतिथियों का हर्षोल्लास के साथ आभार व्यक्त किया।







